
आयुर्वेद विवि ने तैयार किया इम्यूनिटी किट, कोरोना ड्यूटी पर लगे कार्मिकों को वितरण
जोधपुर. डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय की ओर से औषधियों की मदद से एक इम्यूनिटी किट तैयार किया गया है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करेगा। केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा जारी एडवाजरी के आधार पर विवि ने यह इम्युनिटी किट तैयार किया गया है जो क्वारेंटाइन केन्द्रों, पुलिस विभाग, मेडिकल विभाग, जिला कंट्रोल रूम इत्यादि स्थानों पर तैनात कार्मिकों को वितरित किया जा रहा है। इम्युनिटी किट में प्रत्येक व्यक्ति के लिए 15 दिन की अवधि तक के लिए तीन प्रकार की आयुर्वेदिक औषधियां (1) संशमनी वटी (गिलोयघनवटी) (2) महा सुदर्शनघन वटी तथा (3) हरिद्रा टेबलेट शामिल है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है।
1500 किट तैयार
कुलसचिव एवं जिला संगरोधन अधिकारी (कोरोना नियंत्रण) अरूण कुमार पुरोहित ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रारंभिक रूप से 1500 इम्युनिटी किट बनाए गए हैं। मांग के आधार पर वितरण किया जा रहा है। बाल रोग विभागाधक्ष डॉ. प्रेमप्रकाश व्यास के संयोजकत्व में एक समिति का गठन किया गया है जो इम्युनिटी किट की व्यवस्थाओं के साथ-साथ इम्युनिटी किट का सेवन करने वाले कार्मिकों एवं उनके परिवारजन के स्वास्थ्य पर होने वाले प्रभावों का रिकार्ड संकलित करेगी।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएगा
विवि की ओर से तैयार किट रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करेगा, जिससे ड्यूटी दे रहे कार्मिकों को कोरोना संक्रमण से बचाव में सहायता मिलेगी।
- प्रो .अभिमन्यु कुमार, कुलपति, डॉ. एसआरआर आयुर्वेद विवि जोधपुर
Published on:
21 Apr 2020 03:11 pm
