18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Cumin Market Bhav : जोधपुर में नए जीरे से महकी मंडी, रोजना 3-4 हजार बोरी की बंपर आवक, 22,725 रुपए प्रति क्विंटल बिका

Cumin Market Bhav : राजस्थान की सबसे बड़ी जीरा मंडी में नए जीरे की आवक शुरू हो गई है। रोज 3-4 हजार बोरी की बंपर आवक है। मंगलवार को खुली बोली नीलामी में जीरा 18000 से 22725 रुपए प्रति क्विंटल बिका। व्यापारियों और किसानों के चेहरों पर मुस्कान छा गई।

2 min read
Google source verification
Cumin Market Bhav Jodhpur market fresh cumin smells 3-4 thousand bags daily Bumper arrival Sold at Rs 22725 per quintal

जीरे की खुली बोली से व्यापार करते व्यापारी। फोटो पत्रिका

Cumin Market Bhav : प्रदेश की सबसे बड़ी जीरा मंडी में होली के त्योहार के बाद नए जीरे की आवक शुरू हो गई है। जीरे की खुशबू से जीरा मंडी महक रही है। जीरा मंडी प्रांगण में प्रतिदिन 3-4 हजार बोरी जीरे की बंपर आवक हो रही है। इससे जीरा मंडी छोटी पड़ रही है।

किसानों की ओर से मंडी में नई फसल जीरा के साथ ईसबगोल, रायडा व सरसों लाया जा रहा है। मंगलवार को खुली बोली नीलामी में जीरा 18000 से 22725 रुपए प्रति क्विंटल बिका।

जीरा मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम मूंदड़ा ने बताया कि प्रदेश के प्रमुख जीरा उत्पादक क्षेत्रों से जीरा आता है और यहां से खुली बोली नीलामी के माध्यम से जीरा खरीदा जाता है। जोधपुर, भोपालगढ़, लूणी, सोयला, पीपाड़, झंवर, पाली, ओसियां, मोहनगढ़, रोहट, बोरून्दा, जैलसमेर, चांधण आदि जगहों से जीरा आ रहा है।

मंडी के बाहर खड़ी करनी पड़ रही गाड़ियां

जीरा मुख्यतया पश्चिम राजस्थान की प्रमुख फसल है। ऐसे में, संभागभर से जीरा जोधपुर जीरा मंडी लाया जा रहा है। प्रतिदिन तीन से चार हजार बोरी आवक होने से जीरा मंडी छोटी पड़ रही है और गाड़ियों को मंडी परिसर के बाहर ही खड़ा करवाया जा रहा है।

पिछले 5 दिनों में जीरा मंडी में आया जीरा

तारीख - जीरा बोरियों में
1- 17 मार्च - 3224
2- 16 मार्च -3995
3- 14 मार्च -3010
4- 13 मार्च -1935
5- 12 मार्च -1428।

भारत का प्रमुख जीरा उत्पादक राज्य है राजस्थान

राजस्थान भारत का प्रमुख जीरा उत्पादक राज्य है। यहां देश के कुल उत्पादन का 60-70 फीसदी जीरा पैदा होता है। राज्य में जीरे की खेती मुख्य रूप से पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में होती है। प्रमुख उत्पादक जिले हैं जालोर (जिसे 'जीरा का कटोरा' कहा जाता है), बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, नागौर, पाली, सिरोही और बालोतरा। इन जिलों की शुष्क जलवायु, रेतीली दोमट मिट्टी और कम बारिश जीरे की खेती के लिए आदर्श है। राजस्थान की प्रमुख जीरा मंडियों में मेड़ता (नागौर), जोधपुर, बाड़मेर, जालोर और हाल ही में विकसित बालोतरा-बाड़मेर मंडी हैं। इनमें मेड़ता और जोधपुर में भारी आवक और कारोबार होता है।

जीरे की खासियत इसकी तीव्र सुगंध, मजबूत स्वाद और उच्च गुणवत्ता है, जो निर्यात में मांग बढ़ाती है। इसमें 2.5-4 फीसदी आवश्यक तेल (क्यूमिनॉल) होता है, जो पाचन सुधारता है, एंटीऑक्सीडेंट गुण देता है, पेट की समस्याएं दूर करता है, इम्यूनिटी बढ़ाता है और औषधीय उपयोग में रामबाण माना जाता है। राजस्थान का जीरा विश्व बाजार में अपनी शुद्धता और महक के लिए प्रसिद्ध है, जो स्थानीय किसानों की आय का मुख्य स्रोत है।