
पानी पीने नाडे में उतरे बछड़ों ने गंवाई जान
पूनासर (जोधपुर). क्षेत्र के श्रीकृष्णनगर ग्राम पंचायत के चटालिया नाडा में पिछले दिनों पानी खत्म होने के बाद अपनी प्यास बुझाने आए गायों के बछड़ों को नाडी के कीचड़ ने अपने अंदर ही समा लिया। अथक प्रयास के बावजूद नाडी के गीले कीचड़ से 5 बछड़े बाहर नहीं निकल सके। आखिर तड़पते इन बछड़ों की मौत हो गई।
नाडे में मृत पशुओं का वीडियो कई दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है लेकिन किसी का भी ध्यान उस ओर नहीं गया।
ग्रामीण हड़मानराम बिश्नोई ने बताया कि इस नाडे में वर्ष भर पानी रहता है। इस बार रखरखाव के अभाव में पानी जल्दी सूख गया। इससे पशुओं व वन्यजीवों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। ग्राम पंचायत श्रीकृष्णनगर द्वारा भी नाडे के रखरखाव को लेकर कोई खास प्रबंधन नहीं किया।
विश्नोई ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा कई दिनों तक हर रोज प्रशासन व ग्राम पंचायत श्रीकृष्णनगर सरपंच को बछड़ों की मौत के बारे में बताया लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। इस कारण पशुओं के शव नाडे के अंदर ही सडऩे लगे। ग्रामीणों ने बताया कि मृत पशुओं के सड़ते शवों को गांव के समाजसेवी लोगों ने बाहर निकलवाया।
Published on:
07 Jan 2020 12:15 am
