
Rajasthan High Court Heritage building at Jodhpur
जोधपुर. कोरोना ने जिला न्यायालय को हाईकोर्ट के हेरिटेज भवन में शिफ्ट करने के काम में अड़ंगा डाल दिया है। ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार से खुल रही जिला अदालतें इस हेरिटेज भवन में लगनी थी, लेकिन इसे कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है।
जोधपुर महानगर में स्थित 17 जिला न्यायालय हाईकोर्ट के हेरिटेज भवन में शिफ्ट करने की पूरी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन कुछ न्यायिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के चलते इसे टालना पड़ा। गौरतलब है कि गत 16 जून को न्यायालय प्रशासन ने डीजे स्तर की 17 कोर्ट को 29 जून से हैरिटेज भवन में शिफ्ट करने की व्यवस्था कर दी थी। न्यायालय प्रशासन ने इसके लिए विभिन्न न्यायालयों के लिए कक्षों का भी निर्धारण कर दिया था तथा शनिवार और रविवार तक 10 से अधिक कोर्ट का सामान हैरिटेज भवन में रखवा भी दिया गया। साथ ही औपचारिक उद्घाटन के लिए मुख्य न्यायाधीश तथा अन्य न्यायाधीशगण को दोपहर का समय भी दे दिया गया लेकिन रविवार शाम को न्यायालय प्रशासन ने शिफ्टिंग तथा औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम रद्द कर दिया।
दो महिला न्यायिक अधिकारी की आईं पॉजीटिव
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह अपर जिला न्यायालय की दो महिला पीठासीन अधिकारियों की कोरोना जाँच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दोनों महिला अधिकारियों ने शुक्रवार को न्यायिक अधिकारियों की बैठक में भी हिस्सा लिया था इसके चलते कई न्यायिक अधिकारियों व स्टाफ के भी संक्रमित होने की आशंका हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने सभी न्यायिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की जाँच तथा परिसर को सेनेटाइज करवाया है। इससे पहले भी एक अधिवक्ता तथा एक न्यायिक कर्मचारी पाँजिटिव मिला था।
Published on:
28 Jun 2020 09:33 pm
