
कोविड-19 वैक्सीनेशन का ड्राइ ट्रायल आज
जोधपुर. कोरोना वैक्सीन के आगमन की तैयारियां जोधपुर में तेज हो गई है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग शनिवार को जोधपुर में कोविड-19 वैक्सीन की ड्राइ ट्रायल करेगा। हालांकि अभी तक राज्य सरकार की ओर से वैक्सीन लगाने की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जोधपुर में वैक्सीन को लेकर तैयारियां परखी जाएगी। इसलिए शनिवार सुबह 9 बजे अरबन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेजिडेंसी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाड़ में ड्राई ट्रायल होगी। इसके पर्यवेक्षण व मॉनिटरिंग के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारी नियुक्त किए हैं, रेजिडेंसी अस्पताल में इंसिडेंट जोन कमांडर अपूर्वा पर्वाल और सीएचसी बनाड़ में शहर तहसीलदार रमेश कुमार माली को लगाया गया है। इन अधिकारियों को चिकित्सा अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए ड्राइ ट्रायल में आने वाली समस्याओं के संबंध में आवश्यक फीडबैक की जानकारी प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करनी होगा। सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा ने बताया कि ट्रायल के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। ट्रायल प्वॉइंट पर निगरानी कक्ष, वैक्सीन रूम और ऑब्जर्वेशन रूम बनाया गया हैं। ट्रायल के दौरान टीकाकरण के बाद व्यक्ति चिकित्सकों की देखरेख में भी रहेगा।
Published on:
01 Jan 2021 10:03 pm
