जोधपुर के लूणी थाना क्षेत्र के रोहिचा कलां गांव में शुक्रवार को साइकिल से विद्यालय जा रही नाबालिग छात्रा का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। लूणी पुलिस ने बताया कि दस वर्षीय छात्रा सवेरे साढ़े सात बजे साइकिल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बड़लिया की तरफ से आई एक काले रंग की गाड़ी में बैठे लोगों ने गाड़ी रोककर उसे गाड़ी में बैठा दिया तथा उसकी साइकिल भी डिग्गी में रखकर ले गए। रास्ते में गाड़ी चालक के पास मोबाइल पर फोन आने पर गाड़ी धीमी होते ही बालिका गाड़ी से नीचे कूद गई। चालक ने बच्ची के कूदते ही गाड़ी रोकी और उसकी साइकिल को गाड़ी से बाहर निकालकर वहीं फेंककर वहां से फरार हो गए। परिजनों को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तथा लूणी थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात लोगों की तलाश शुरु कर दी। इस बीच जानादेसर सरपंच भंवरलाल सांई ने चेतावनी दी है कि अगर अपराधी को जल्दी ही नहीं पकड़ा गया तो रविवार को जोधपुर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।