12 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आधा दर्जन चोरियों से मचा हड़कंप, दिनदहाड़े घर से उड़ाये जेवर

विभिन्न थानाक्षेत्रों में हुई घटना, पुलिस नहीं लगा पाई सुराग

3 min read
Google source verification
theft

robbed cash and jewelry

रीवा. जिले में चोरों की मंडली पूरी तरह से बेखौफ हो चुकी है जिनको पुलिस का भय नहीं रह गया है। आये दिन वारदातों को अंजाम देकर चोर पुलिस के लिए चुनौती पेश कर रहे है लेकिन पुलिस महज कागजी कार्रवाई पूरी करने में लगी है। चोरों का गिरोह पुलिस के हांथ नहीं लग रहा है। सिविल लाइन थाना विंध्य विहार कालोनी निवासी ऋतुराज सिंह गुरुवार की सुबह करीब पौने ग्यारह बजे पत्नी के साथ बाजार सामान खरीदने गये थे। उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे में ताला बंद कर दिया था। इस दौरान उनके सूने घर की चोरों को जानकारी हो गई। बदमाशों ने दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने व चांदी के जेवरात पार कर दिये। वापस आने पर पीडि़त को घटना की जानकारी हुई जिन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया लेकिन वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का पता नहीं चल पाया है। शहर में चोर अब इस कदर बेखौफ हो गये है कि वे वारदात को अंजाम देने के लिए रात का इंतजार भी नहीं करते है।

पंप व केबिल चोरी
गढ़ थाना अन्तर्गत ग्राम अकलरी निवासी विनोद कुमार पटेल के पंप हाऊस को निशाना बनाते हुए चोरों ने यहां लगे सर्मशिबल पंप व तीन सौ फिट केबिल काट दी। स्थानीय लोगों ने फोन पर पीडि़त को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बगली लगाकर घुसे चोर, तीन हजार नगद व एक लाख के जेवर उड़ाये
घर में बगली लगाकर घुसे चोर नगदी व जेवर पार कर दिये। मनगवां थाना अन्तर्गत सिरखिनी निवासी कृष्णदेवी पटेल पति सुरेश के घर में रात को चोरों ने धावा बोल दिया। घटना के समय महिला घर में सो रही थी।रात में घुसे चोर बैग में रखे तीन हजार रुपये नगद व एक लाख रुपये मूल्य के जेवर लेकर चंपत हो गये। रात में परिजनों को भनक तक नहीं लगी। सुबह परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।

सोते रह गये परिजन, चोरों ने उड़ाये जेवर
सिटी कोतवाली थाना अन्तर्गत लोही निवासी रजनीश प्रजापति के घर में चोर सेंध लगाकर अंदर घुसे थे। परिजन दूसरे कमरों में सो रहे थे। इस दौरान चोर घर से 35 हजार नगद व सत्तर हजार रुपये कीमत के जेवर समेटकर चंपत हो गये। रात में परिजनों को चोरों की भनक तक नहीं लगी। सुबह होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

सूने आवास में चोरी
विवि थाना अन्तर्गत इटौरा में चोरों ने विनोद कुमार साकेत के घर में वारदात को अंजाम दिया है। 19 को पीडि़त को अपने घर में ताला बंद करके गांव टिकुरी 37 थाना मनगवां चला गया था। इस बीच चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया है और घर से 35 हजार रुपये नगद, सोने व चांदी के जेवर, गैस सिलेण्डर व रजिस्ट्री सहित अन्य दस्तावेज लेकर चंपत हो गये। वापस आने पर पीडि़त को घटना की जानकारी हुई जिसने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

एक रात में दो घरों में चोरियां
शाहपुर चौकी अन्तर्गत शुकवार गांव में एक रात में चोरों ने दो घरों में वारदात को अंजाम दिया है।यहां रहने वाले सतानंद पाठक के घर का ताला तोड़कर चोर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर समेट कर फरार हो गये। रात में पूरा परिवार अंदर सोता रह गया जिनको भनक भी नहीं लगी। यही पर चोरों ने रामाश्रय पाठक के घर को भी निशाना बनाया और उनके घर से कभी करीब एक लाख रुपये के जेवर लेकर आरोपी चंपत हो गये। सुबह दो घरों में चोरियों की घटना से गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।