
चांधन में हाड़ कंपाऊ सर्दी, पारा -1.2 डिग्री, सीकर में पारा 0, पिलानी में 0.5 और माउंट आबू में 1 डिग्री
जोधपुर. प्रदेश के अधिकाशं-शहर और गांव गुरुवार को हाड़ कंपा देने वाली शीतलहर की चपेट में रहे। कई शहर और कस्बों में पारा जमाव बिंदु के नीचे चला गया। शीत लहर से कई जगह जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जैसलमेर के चांधन में पारा जमाव बिंदु से नीचे माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहां भीषण ठंड से खुले में पानी में रखा पानी जमने लग गया।
सीकर में पारा 0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिलानी 0.5 और पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा 1 डिग्री रहा। माउंट आबू में पर्यटक देर सुबह तक घरों में दुबके रहे। फलौदी में तापमान 6.8 डिग्री रहा वहीं जोधपुर में पारा 7.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी जाड़ा तेज रहेगा। कई स्थानों पर कोल्ड डे के साथ कोल्डवेव की स्थिति रहेगी।
सूर्य नगरी में बीती रात तेज सर्दी रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे गिरकर 7.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तेज सर्दी के कारण काम के लिए घर से बाहर निकलने वाले लोगों को स्वेटर, जैकेट और ऊनी शॉल ओढऩे पड़े। हालांकि आसमान साफ रहने से तीखी धूप के बाद भी ठंडक बनी रही।
छाया में सर्दी का एहसास हो रहा था। दिनभर गर्म कपड़े ओढ़े रखने पड़े। सूर्यास्त के साथ सर्दी का असर फिर से तेज हो गया। रात में कड़ाके की सर्दी रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी तेज सर्दी के कारण से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
उत्तर भारत में शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मौसम साफ होने से अब शीतलहर चल रही है। कई स्थानों पर तापमान सुनने डिग्री और उससे नीचे जा चुका है। हवा में आद्रता अधिक होने से कहीं अधिक सर्दी महसूस हो रही है।
कहां कितना तापमान
चांधन -1.2
सीकर 0
पिलानी 0.5
माउंट आबू 1
चूरु 1.3
बीकानेर 3.7
श्रीगंगानगर 3.9
अजमेर 5.5
जैसलमेर 5.6
जयपुर 5.8
कोटा 6.4
सवाई माधोपुर 6.5
बाड़मेर 8.5
Published on:
27 Dec 2019 11:20 am
