
छात्रा से ब्रेकअप होने पर फर्जी आइडी बनाकर डाले थे अश्लील फोटो
जोधपुर.
कॉलेज में साथ-साथ पढऩे के दौरान एक सहपाठी छात्रा से ब्रेकअप होने से गुस्साए एक छात्र ने न सिर्फ उस छात्रा की बल्कि साथ पढऩे वाली बीस छात्राओं की सोशल मीडिया पर फर्जी आइडी बना ली थी और फिर उन्हें कॉल गर्ल बताकर अश्लील फोटो व कमेंट भी अपलोड कर दिए थे। रातानाडा थाना पुलिस ने छात्र को गत दिनों जयपुर से गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया।
पुलिस के अनुसार कॉलेज में पढऩे वाली बीस छात्राओं की गत फरवरी में सोशल मीडिया पर फर्जी आइडी बना ली थी। इन सभी को कॉल गर्ल बताकर प्रचारित किया था। साथ ही इनके मोबाइल नम्बर भी अपलोड कर दिए थे इनके पास कॉल आने लगे तो फर्जी आइडी का पता लगा था। एक छात्रा ने पुलिस उपायुक्त (पूर्व) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसकी गोपनीय जांच शुरू की गई। फर्जी आइडी के आइपी एड्रेस से डिफेंस कॉलोनी निवासी सुधीर की भूमिका का पता लगा था। जो अध्ययन के लिए जयपुर जा चुका था।
गत २१ मई को पुलिस ने आइटी एक्ट की धाराओं में एफआइआर दर्ज की थी। २५ मई को जयपुर से सुधीर राजपुरोहित को गिरफ्तार कर जोधपुर लाया गया। पूछताछ के बाद उसे २६ मई को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया था। उसके खिलाफ प्रतापनगर थाने में भी एक मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के दौरान पूछताछ में सामने आया कि कॉलेज में साथ पढऩे की वजह से उसे सहपाठी छात्राओं के नाम और मोबाइल नम्बर पता थे। उसकी एक छात्रा से मित्रता हो गई थी, लेकिन फिर छात्रा से ब्रेकअप हो गया था। इससे गुस्से में आकर उसने उस छात्रा की ही नहीं बल्कि उसके साथ वाली सभी छात्राओं की फर्जी आइडी बनाकर दुष्प्रचार शुरू कर दिया था। इनके मोबाइल नम्बर भी उसमें डाल दिए थे।
Published on:
31 May 2021 01:14 am
