
जांच अभियान में नकली मावा और मिलावटी दूध नष्ट
बाप (जोधपुर) . उपखण्ड क्षेत्र के गांवों -ढाणियों सहित कस्बे में उपखण्ड अधिकारी महावीरसिंह के नेतृत्व में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान में मिष्ठान, घी, दूध, मावा सहित खाद्य सामग्री के सैम्पल दुकानों से लिए। इस दौरान मिले नकली मावा व मिलावटी दूध को मौके पर ही नष्ट किया गया।
तहदीलदार हुकमीचंद ने बताया कि प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग जयपुर की अनुपालना में 26 अक्टूबर से 14 नवम्बर तक चलने वाले शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत उपखण्ड अधिकारी के आदेशानुसार क्षेत्र की समस्त मिष्ठानों, दूध व्यापार, मावा व्यापार, घी व्यापार के मौका स्थल पर पहुंचकर बिक्री कर रहे सामग्री के सैम्पल लिए गए तथा अवधिपार सामग्री को जब्त कर नष्ट किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेवन्त सिंह ने कस्बे के बाजार में एक मिष्ठान भंडार, किराणा की दुकान से शरबत, घी के सेम्पल लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेवन्त सिंह ने एक अन्य प्रतिष्ठान से 23 किलोग्राम अवधिपार घी एवं शरबत की 16 बोतलें जब्त की।
उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह व खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश शर्मा ने ग्राम सारणपुरा के पास लगी मावा की भट्टी पर 18 टीन नकली मावा, 324 किलो ग्राम व 500 लीटर मिलावटी दूध जब्त कर इसे नष्ट किए। इसके अतिरिक्त बाप उपखण्ड क्षेत्र के चार अन्य गांवों में भी दुकानों की जांच की गई।
Published on:
06 Nov 2020 10:37 am
