
बच्चे नजर नहीं आए तो पिता ने जता दी अपहरण की आशंका
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थाने के सामने झुग्गी झोंपड़ी में चार बच्चे नजर नहीं आए तो नशे में धुत्त पिता को अपहरण का अंदेशा हो गया और उसने बुधवार अपराह्न पुलिस को सूचित कर एसयूवी की तलाश में नाकाबंदी करवा दी। कुछ देर बाद बच्चे सकुशल दिखाई दिए तो पुलिस ने चैन की सांस ली और गलत सूचना देने वाले पिता को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि थाने के पास झुग्गी झोंपडि़यां हैं, जहां रहने वाला सागर नाथ अपराह्न में थाने आया और अपने चार बच्चों के एक एसयूवी में अपहरण कर लेने की सूचना दी। पुलिस भी तुरंत हरकत में आई और एसयूवी की तलाश में नाकाबंदी करा दी। सागर नाथ ने बच्चों को लेकर एसयूवी के झालामण्ड बाइपास होकर डांगियावास की तरफ जाने की सूचना दी थी।
पुलिस अधिकारी वारदातस्थल पहुंच जांच करने लगे। इतने में सागर नाथ के चारों बच्चे पास ही अन्य झोंपडि़यों से होकर आते नजर आए। जिन्हें सकुशल देख सभी चौंक गए। पुलिस ने बच्चों से बात की तो पता लगा कि वे खाने की तलाश में पास स्थित अन्य झोंपडि़यों में चले गए थे। उन्हें कोई भी कार में लेकर नहीं गया था। तब सभी ने राहत की सांस ली।
शराब के नशे में होने व पुलिस को गलत सूचना देकर नाकाबंदी करवाने के मामले में पुलिस ने सागर नाथ को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
17 Sept 2020 06:15 am
