
फाइनेंसर को हनी ट्रैप में फांस 1.22 लाख रुपए वसूले
जोधपुर.
बीजेएस कॉलोनी आरटीओ ऑफिस रोड स्थित मकान में एक युवती ने चार युवकों की मदद से फाइनेंसर को हनी ट्रैप में फंसाया और अपहरण व आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1.22 लाख रुपए वसूल लिए। साथ ही 15 लाख रुपए का सेल्फ चेक एेंठ लिए। चार लाख रुपए और देने की धमकियां देने पर फाइनेंसर बुधवार को महामंदिर थाने पहुंचा और एफआइआर दर्ज करवाई।
पुलिस के अनुसार रातानाडा में खास बाग के सामने निवासी वाहनों के फाइनेंसर शैलेन्द्र माहेश्वरी को गत 5 नवम्बर को ऑफिस की पूर्व महिला कर्मचारी ने तबीयत ठीक न होने के बारे में फोन किया। इस पर रात को शैलेन्द्र बीजेएस कॉलोनी में आरटीओ ऑफिस रोड पर महिला कर्मचारी के घर गया। वह युवती से बात करने लगा।
इतने में चार जने वहां आए और शैलेन्द्र से मारपीट करने लगे। इन युवकों ने जबरन शैलेन्द्र के कपड़े उतार दिए और फोटो व वीडियो बना लिए। फिर कार में अपहरण कर उसे बनाड़ चौराहे की तरफ ले गए, जहां मारपीट कर जेब से 22 हजार रुपए लूट लिए।
इतना ही नहीं आरोपियों ने बैंक से ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाने का दबाव डाला, लेकिन उसने अनभिज्ञता जता दी। युवक उसे जाजीवाल ले गए, जहां एक ई-मित्र संचालक की मदद से उसके मोबाइल से ऑनलाइन खाते से 95 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। वहां से लौटने के दौरान बनाड़ थाने के सामने एटीएम से पांच हजार रुपए और निकलवा लिए। उसे घर लाए और जबरन पास स्थित ऑफिस खुलवाकर हस्ताक्षर करवा 15 लाख रुपए का सेल्फ चेक ले लिया। चार लाख रुपए रविवार तक देने की धमकी दी। अन्यथा फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छोड़ा।
इस बीच, गत नौ नवम्बर को चारों में से एक युवक दुबारा घर पहुंचा और पत्नी व बच्चों को डरा-धमकाकर चार लाख रुपए मांगे। एसआइ खेताराम ने बताया कि फाइनेंसर की रिपोर्ट पर अपहरण व फिरौती वसूलने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
Updated on:
12 Nov 2020 10:58 am
Published on:
12 Nov 2020 10:58 am
