10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद फायरिंग

कार पर पथराव से दो युवक घायल
2 min read
Google source verification
Firing after a dispute in a birthday party

जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद फायरिंग

जोधपुर. चौपासनी बाइपास पर डाली बाई मंदिर चौराहा स्थित होटल में गुरुवार देर रात जन्मदिन पार्टी के दौरान विवाद के बाद हवाई फायर किए गए। पथराव से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवक घायल हो गए। चौहाबो थाने में जानलेवा हमले के परस्पर विरोधी मामले दर्ज किए गए हैं।

थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव के अनुसार बोरानाडा थानान्तर्गत वैशाली टाउनशिप के खाली भूखण्ड में गुरुवार रात विक्रम के जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। जिसमें कई युवक शामिल हुए थे। रात करीब सवा एक बजे एक युवक वहां आया और झगड़ा करने लगा। उसने पार्टी में शामिल युवकों को धमकियां दी। पवन को थप्पड़ भी मारी। जिसके बाद सभी युवक पार्टी से निकल गए और डाली बाई मंदिर चौराहे के पास स्थित एक होटल पर आ गए।
तभी एक कार भी वहां आई, जिसमें पार्टी में झगड़ा करने वाले युवक के साथ तीन और युवक भी सवार थे। आरोप है कि कार से एक मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मारी गई। जिससे एक युवक के पांव में चोट भी आई।

झगड़ा होते देख पार्टी में शामिल होने वाले युवकों ने कार पर पथराव शुरू कर दिया। जिससे कार में सवार राजू सिहाग व चंपाराम घायल हो गए। कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि पथराव से बचने के लिए कार में सवार एक युवक ने बंदूक निकाली और हवाई में फायरिंग कर दी। जिससे डरकर सभी युवक भाग गए। चौहाबो में सेक्टर १७ निवासी जसवंत सोलंकी की तरफ से राजू सिहाग, चंपाराम, घनश्याम व एक अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है।

दोनों घायल एमडीएम में भर्ती

मूलत: भटिण्डा हाल मारवाड़ नगर निवासी घनश्याम जाट का आरोप है कि विक्रम, विकास, विक्का, महेन्द्र मेघवाल, कुणाल सिंह, जसवंत सोलंकी, हंसराज, शोएब आदि ने उनके साथ मारपीट की। साथ ही हवाई फायर भी किए। जिससे राजू सिहाग व चंपाराम घायल हो गए। दोनों तरफ से जानलेवा हमले के परस्पर विरोधी मामले दर्ज किए गए हैं। उप निरीक्षक परमेश्वरी को जांच सौंपी गई है।

गोलियां चलाने वाले को लेकर असमंजस

पुलिस का कहना है कि राजू सिहाग का विरोधी पक्ष से लेन-देन को लेकर पुराना विवाद है। इसको लेकर गुरुवार मध्यरात्रि झगड़ा हुआ। दोनों पक्षों ने गोलियां चलाने का आरोप लगाया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। हालांकि पुलिस ने एक पक्ष के युवकों से हथियार कब्जे में लिए हैं।