10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पहले बोलेरो रोकी, फिर ऊपर चढ़ाने का प्रयास, एएसआई का पांव फ्रैक्चर

- एएसआई बोलेरो के बोनट पर गिरा, चालक ने कुछ दूर ब्रेक लगाकर नीचे गिराया
less than 1 minute read
Google source verification
पहले बोलेरो रोकी, फिर ऊपर चढ़ाने का प्रयास, एएसआई का पांव फ्रैक्चर

पहले बोलेरो रोकी, फिर ऊपर चढ़ाने का प्रयास, एएसआई का पांव फ्रैक्चर

जोधपुर.
जलजोग चौराहे के पास यातायात पुलिस के इशारे के बावजूद भाग रही बोलेरो को एएसआई के रोकने के बावजूद चालक ने गुरुवार को ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। बोनट पर गिरे एएसआई को चालक ने कुछ दूर तेज ब्रेक लगाकर नीचे गिराया और बोलेरो ले भागा। पांव में फ्रैक्चर के चलते एएसआई को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) चैनसिंह महेचा के अनुसार एएसआई ओमाराम, एक-एक कांस्टेबल व होमगार्ड सुबह जलजोग चौराहा स्थित ट्रैफिक पॉइंट पर वाहनों की जांच कर रहे थे। १२वीं रोड की तरफ से आई बोलेरो को संदिग्ध लगने पर जिग-जैग बैरियर पर कांस्टेबल ने रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक बोलेरो को भगाने लगा।
कुछ दूरी पर खड़े एएसआई ओमाराम ने सड़क के बीच आकर बोलेरो रोक ली, लेकिन कुछ ही क्षण में चालक ने बोलेरो तेजी से भगा दी और एएसआई के ऊपर चढ़ाने लगा। एएसआई बोलेरो के बोनट पर जा गिरा। उसने वाइपर पकड़ लिया। चालक ने कुछ दूरी पर तेज ब्रेक लगाए। जिससे एएसआई जोर से सड़क पर जा गिरे और चालक बोलेरो भगा ले गया।

साथी कांस्टेबल व होमगार्ड ने कन्ट्रोल में सूचित कर घायल एएसआई को एमडीएम अस्पताल लेकर आए। जांच में उनके एक पांव में फ्रैक्चर व हाथ की अंगुली में चोट आई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) आलोक श्रीवास्तव व एसीपी चैनसिंह महेचा अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। शास्त्रीनगर थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह ने बताया कि एएसआई की तरफ से जानलेवा हमला व राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया।

गांव में दबिश, बोलेरो व चालक का सुराग नहीं
बोलेरो नम्बर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। उसका पंजीयन कांकाणी निवासी प्रभुराम पुत्र पूनाराम के नाम है। लूनी थाना पुलिस ने कांकाणी में तलाशी ली, लेकिन बोलेरो व चालक का सुराग नहीं लग पाया।