10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लोहावट में पहले उपखण्ड अधिकारी ने संभाली कमान

लोहावट में शुक्रवार को नया उपखंड कार्यालय शुरू हो गया।
2 min read
Google source verification
First subdivision officer took charge in Lohawat

लोहावट में पहले उपखण्ड अधिकारी ने संभाली कमान

लोहावट (जोधपुर) . लोहावट में शुक्रवार को नया उप खंड कार्यालय शुरू हो गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में विधायक किसनाराम विश्नोई ने कहा कि लोहावट विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करना ही उनका लक्ष्य है। विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लोगों के रोजमर्रा कामकाज सहित समस्याओं को चिह्नित कर उनका निस्तारण किया जा रहा है।

राज्य सरकार ने लोहावट में उपखण्ड कार्यालय खोलकर क्षेत्र की जनता को तोहफा दिया है। उन्होने कहा कि उनके विधायक बनने के बाद से लोहावट विधानसभा क्षेत्र में आऊ नई पंचायत समिति तथा 27 नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया। 25 गांवों को सडक़ों से जोड़ा जाएगा।

इसमें 125 किलोमीटर सडक़ की स्वीकृति जारी हो गई है। 63 नए नलकप खुदवाए तथा 75 नलकूपों को दुरुस्त करवाया गया। वहीं 9 हजार घरेलू विद्युत कनेक्शन जारी किए गए हैं।

लोहावट में उपखण्ड कार्यालय खुलने से विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अब अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम में जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कहा कि कर्मचारी जनता की अपेक्षा पर खरे उतरें तथा समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें।

लोहावट प्रधान भागीरथ बेनीवाल ने कहा कि उपखण्ड कार्यालय खुलने से कई समस्याओं से निजात मिलेगी। कार्यक्रम को अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चारण, कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी यशपाल आहूजा ,पूर्व उप जिला प्रमुख गंगाराम कड़वसरा, बापिणी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण मदेरणा, पूर्व जिपस सिकन्दर खान ने भी संबोधित किया। लोहावट तहसीलदार प्रतिज्ञा सोनी ने आभार व्यक्त किया। संचालन पटवारी पूनमचन्द विश्नोई ने किया।

कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शकूर खान, तहसीलदार बापिणी उस्मान खां, तहसीलदार देचू निरभाराम कोडेचा, विकास अधिकारी ललित गर्ग, एक्सईएन हजारीराम विश्नोई, एईएन कमलसिंह मीणा, पंसस कविता विश्नोई,सरपंच भैराराम ईशरवाल आदि उपस्थित थे।


वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया कार्यभार ग्रहण

नवसृजित लोहावट उपखण्ड अधिकारी का फलोदी के एसडीएम यशपाल आहूजा को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। आहूजा ने तहसील कार्यालय के ऊपर के भवन में अस्थाई कार्यालय में पं. नूतन कुमार श्रीमाली के वैदिक मंत्रोच्चार व पूजा अर्चना के साथ कार्यभार ग्रहण किया। नया उपखण्ड कार्यालय जोधपुर-फलोदी स्टेट हाइवे पर तहसील कार्यालय के सामने 5 बीघा भूमि पर बनाया जाएगा।