10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नेतड़ा गांव में बनेगा संभाग का पहला वेटेनरी कॉलेज

jodhpur news - सरकार ने 41 पद स्वीकृत किए, अगले साल शैक्षणिक सत्र शुरू होने की संभावना-जेडीए ने 80 बीघा जमीन आवंटित की, जल्द होगा शिलान्यास
less than 1 minute read
Google source verification
नेतड़ा गांव में बनेगा संभाग का पहला वेटेनरी कॉलेज

नेतड़ा गांव में बनेगा संभाग का पहला वेटेनरी कॉलेज

जोधपुर. प्रदेश का चौथा व संभाग का पहला राजकीय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय का शिलान्यास जल्द होगा। जोधपुर विकास प्राधिकरण ने इसके लिए शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर नेतड़ा गांव में 80 बीघा जमीन आवंटित की है। यहां सबसे पहले प्रशासनिक भवन व कक्षाएं बनाकर कॉलेज शुरू किए जाने की योजना है। इसके अलावा राज्य सरकार ने कॉलेज के लिए 41 शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों की स्वीकृति दे दी है। शीघ्र ही इनकी भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

राज्य सरकार ने पिछले साल 2019-20 के बजट भाषण में जोधपुर में वेटरनरी कॉलेज खोलने को मंजूरी दी थी। यह कॉलेज बीकानेर स्थित राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत खुलने जा रहा है। नए वेटरनरी कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसमें मुख्य प्रशासनिक भवन, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान के 15 विभाग, पशुधन फॉर्म, पशु चिकित्सा संकुल स्थापित किए जाएंगे, जहां पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान में स्नातक डिग्री का पाठ्यक्रम शुरू होगा। वेटरनरी का नया कॉलेज खुलने से पशु चिकित्सा और विज्ञान में शिक्षण और शोध कार्यों का लाभ मारवाड़ के पशुपालकों को मिलेगा। मारवाड़ में यह पहला ही वेटरनरी कॉलेज है, जबकि प्रदेश में सर्वाधिक पशुधन संभाग के ही बाड़मेर जिले में है। इससे पहले बीकानेर, जयपुर और उदयपुर के नवानियां में वेटरनरी कॉलेज संचालित हो रहे हैं।

जल्द होगा शिलान्यास
जेडीए ने हमें नेतड़ा गांव में जमीन दे दी है। शीघ्र ही शिलान्यास करवाकर इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया यहां निरीक्षण के लिए आएगी। उसकी स्वीकृति के बाद विधिवत् रूप से कॉलेज शुरू कर दिया जाएगा।

-प्रो विष्णु शर्मा, कुलपति, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय बीकानेर