
कोर्ट में पेशी के बाद अस्पताल से मोटरसाइकिल चुराकर लूटा था मंगलसूत्र
जोधपुर.
जिला कलक्ट्रेट के मुख्य गेट के सामने मोपेड सवार महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूटने वाले दोनों युवक चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार थे। लूट के एक मामले में कोर्ट में पेशी के बाद एक आरोपी ने शनिवार अपराह्न में मथुरादास माथुर अस्पताल परिसर से यह मोटरसाइकिल चुराई थी। फिर उसने दूसरे युवक को फोन करके अस्पताल के पास बुलाया था व चोरी की मोटरसाइकिल पर एक और वारदात की तलाश में शहर में निकल गए थे। महिलाओं की दिलेरी के चलते उदयमंदिर थाने के पास आमजन की मदद से पकड़ में आए दोनों युवकों से पूछताछ में यह सामने आया है।
जांच अधिकारी व उप निरीक्षक शंकरराम कड़वा ने बताया कि प्रकरण में गिरफ्तार बिलाड़ा थानान्तर्गत भावी निवासी सचिन वैष्णव व मूलत: खेड़ी सालवा हाल महामंदिर में तीसरी पोल निवासी राजूराम विश्नोई को अदालत में पेश किया गया, जहां से शिनाख्त परेड के लिए दोनों को जेल भेजने के आदेश दिए गए। परेड के बाद दोनों आरोपियों को फिर से गिरफ्तार कर रिमाण्ड लिया जाएगा।
स्मैक के लिए पहले चोरी की फिर लूट
आरोपियों से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। जांच में यह मोटरसाइकिल चोरी की निकली। पूछताछ में राजूराम ने पुलिस को बताया कि वह लूट के एक अन्य मामले में भी आरोपी है। इस मामले की शनिवार को कोर्ट में पेशी थी। वह कोर्ट में पेश होने के बाद दोपहर में बाहर आया। किसी वारदात की फिराक में वह एमडीएम अस्पताल जा पहुंचा, जहां से उसने एक मोटरसाइकिल चुराई और बाहर निकला। फिर उसने अपने दोस्त सचिन वैष्णव को फोन करके बुलाया। फिर दोनों शहर में निकल गए। घूमते-घूमते दोनों शाम को जिला कलक्ट्रेट गेट के सामने पहुंचे, जहां उन्होंने मोपेड सवार भारती पंवार के गले में झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र लूट लिया था, लेकिन मोपेड चला रही ननद सुमन पंवार ने चिल्लाकर लुटेरों का पीछा किया और आमजन की मदद से उदयमंदिर थाने में पास गली में सचिन वैष्णव को पकड़ लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने राजूराम को भी पकड़ लिया था। आरोपी स्मैक के आदी हैं और इसी के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
Published on:
01 Oct 2018 01:01 am
