10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आधी रात बाद यात्री बस पर चौथी बार फिर हमला

सरिया व लाठियों से की तोडफ़ोड़: बस में सो रहे लोग हड़बड़ा गए और चीख पुकार शुरू हो गई
2 min read
Google source verification
Fourth time on the passenger bus attack after midnight

आधी रात बाद यात्री बस पर चौथी बार फिर हमला

जोधपुर. बीकानेर से अहमदाबाद जा रही निजी ट्रेवल्स कंपनी की बस पर रविवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे अज्ञात हमलावरों ने सरियों और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में बस का कांच फूटने से अहमदाबाद निवासी पांच वर्षीय बालक आकाश घायल हो गया।
शास्त्रीनगर थाना पुलिस के अनुसार बीकानेर की महाराजा ट्रेवल्स कंपनी की यह बस भगत की कोठी क्षेत्र में पीली टंकी बस स्टैण्ड के पास से गुजर रही थी। तभी दो मोटरसाइकल पर आए छह युवकों ने बस को रुकवाया। बस रुकते ही सरियों और लाठियों से लैस युवकों ने पहले बाहर से बस के कांच फोडऩे शुरू किए। फिर जबरन बस के अंदर घुस गए और ताबड़-तोड़ कांच फोडऩे लगे। अचानक हुए हमले और शोर-शराबे से बस में सो रहे लोग हड़बड़ा गए और चीख पुकार शुरू हो गई। वे कुछ समझ पाते तब तक हमलावरों ने बस चालक हनुमानसिंह को बस से उतार दिया। उसके हाथ से बस की चाबी छीन ली और बस के स्टीयरिंग पर भी सरियों से प्रहार किए। हमलावरों ने बस चालक और सवारियों को धमकाते हुए कहा कि कोई भी जेब से मोबाइल नहीं निकालेगा। काफी देर तक तोडफ़ोड़ के बाद हमलावर भैरुजी चौराहे की तरफ भाग गए।
बस में सवार लोग परेशान : आधी रात को बस पर हुए हमले से बस में सवार लोग बुरी तरह डर गए। बस में कई महिलाएं भी सवार थीं। समाचार लिखे जाने तक बस मौके पर ही खड़ी थी। कुछ यात्री उसी समय गुजर रही दूसरी बस में सवार हो गए। जबकि कुछ लोग देर रात दो बजे अहमदाबाद की तरफ जाने वाली दूसरी बस की प्रतीक्षा कर रहे थे।

चौथी बार हमला
बीकानेर की महाराजा ट्रेवल्स की बस पर जोधपुर में चौथी बार हमला हुआ है। पहला हमला मोगड़ा में, इसके बाद 3 दिसंबर को न्यू कैंपस के पास और तीसरा हमला गत 16 जनवरी को भी इसी कंपनी की बस को केएन कॉलेज के पास रोक कर हमला किया गया था। तब हमलावरों ने फायर भी किया था।
आरोपी गिरफ्त से बाहर
पुलिस ने बस पर पहली बार हुए हमले के मामले में प्रेमसिंह भेड के विरुद्ध मामला दर्ज किया था। लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। गत 16 जनवरी को हमले के बाद ट्रेवल्स कंपनी की ओर से गत तीन दिसंबर को दर्ज कराई गई एफआइआर वापस लेने का दबाव डाला गया था।