11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल को लेकर दुष्प्रचार पर बोले गजेन्द्र सिंह शेखावत, ‘विकास विरोधी षड्यंत्र हो बेनकाब’

Gajendra Singh Shekhawat: जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल को लेकर सोशल मीडिया पर हुए कथित दुष्प्रचार पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे विकास विरोधी षड्यंत्र बताया।

2 min read
Google source verification
Gajendra Singh Shekhawat

गजेंद्र सिंह शेखावत। फोटो- पत्रिका

Jodhpur Airport New Terminal जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी की ओर से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से जोधपुर के नए हवाई अड्डा टर्मिनल के बारे में सोशल मीडिया पर किए गए दुष्प्रचार को लेकर कहा है कि इस तरह की झूठी बातें गढ़ने का षड्यंत्र देश और विकास, दोनों ही एजेंडों को बाधित करता है। शेखावत ने गुरुवार को यहां हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस तरह के दुष्प्रचार से सोशल मीडिया की विश्वसनीयता तार-तार होती है।

यह वीडियो भी देखें

उन्होंने कहा कि ऐसी बातों का खंडन भी हो और यह विषय जनता के संज्ञान में भी लाया जाए, यह मुख्यधारा की मीडिया की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग बेनकाब हों और देश-दुनिया के सामने उनके षड्यंत्रों को सही तरीके से उजागर किया जाए, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ईमानदारी से योजनाओं को धरातल पर उतारने की वजह से जो परिवर्तन आया है, उसे पूरा विश्व देख रहा है। शेखावत ने कहा कि बदली हुई परिस्थितियों में पूरा विश्व भारत को आशा और नए विश्वास के साथ देख रहा है।

संत अड़गड़ानंद महाराज के दर्शन किए

उन्होंने कहा कि आज भारत आर्थिक और सैन्य दृष्टि के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी आत्मनिर्भर बनते हुए विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह सब भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक कार्य करने के दौरान मोदी और उनकी सरकार की स्पष्ट नीतियों का परिणाम है। इसके बाद वे जोधपुर से ओसियां के लिए रवाना हुए। जहां उन्होंने परमहंस आश्रम पहुंचकर संत अड़गड़ानंद महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

राष्ट्र की प्रगति, जनकल्याण के लिए आशीर्वाद लिया

इस अवसर पर शेखावत ने संत अड़गड़ानंद महाराज से राष्ट्र की प्रगति, जनकल्याण तथा समस्त देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि अड़गड़ानंद महाराज मानव कल्याण, आत्मज्ञान, योग और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

"यथार्थ गीता" के रचयिता संत अड़गड़ानंद महाराज अपने आध्यात्मिक चिंतन, ज्ञान और मार्गदर्शन से समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उनके विचार और शिक्षाएं लोगों को आध्यात्मिक उन्नति, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करती हैं। शेखावत ने आश्रम में संतों और श्रद्धालुओं से भी भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा आध्यात्मिक वातावरण में कुछ समय व्यतीत किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री जोधपुर पहुंचे और हवाई मार्ग से दिल्ली रवाना हो गए।