10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गैस सिलेंडर में विस्फोट : आधी रात को पीड़ित परिवार के घर पहुंचा प्रशासन

जैतसर ग्राम पंचायत के अनोपगढ़ गांव में गुरुवार शाम हुए गैस सिलेंडर हादसे के बाद घटना स्थल पर नुकसान का जायजा लेने प्रशासन आधी रात पीड़ित परिवार के घर पहुंचा।
2 min read
Google source verification
Gas cylinder blast in rural area

गैस सिलेंडर में विस्फोट : आधी रात को पीड़ित परिवार के घर पहुंचा प्रशासन

सेतरावा (जोधपुर) निकटवर्ती जैतसर ग्राम पंचायत के अनोपगढ़ गांव में गुरुवार शाम हुए गैस सिलेंडर हादसे के बाद घटना स्थल पर नुकसान का जायजा लेने प्रशासन आधी रात पीडि़त परिवार के घर पहुंचा।

गौरतलब हैं कि सुमेराराम पुत्र भगाराम सुथार के मकान की रसोई में गुरुवार शाम करीब 4 बजे गैस सिलेंडर में आग लग गई थी। इसमें चेराई निवासी अर्जुनराम पुत्र हजारीराम सुथार की मृत्यु हो गई थी तथा दो अन्य घायल हो गए।

घर में सुमेराराम की पुत्री की 6 मई को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थी। इस शादी को लेकर दुल्हन के कपड़ों का माप लेने पुत्री के ससुराल चेराई से मेहमान आए हुए थे। घर में खाना बनाने की तैयारियों के बीच अचानक गैस सिलेंडर में आग लगने से हुए विस्फोट में चेराई निवासी समधी अर्जुनराम की मौत हो गई थी। मृतक अर्जुनराम वर के चाचा लगते थे। हादसे में जैतसर निवासी स्वरूपाराम व चैनाराम सुथार घायल हो गए ,जिनका जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में इलाज चल रहा हैं।

हादसे के 7 घंटे बाद भी प्रशासन ने मौके पर पहुंचने की जहमत नहीं उठाई। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था। ग्रामीण रात को पीडि़त परिवार को दिलासा दिलाते हुए उसके घर के आगे एकत्रित हो गए। कुछ लोगों ने घटना की जानकारी केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत को दी।

शेखावत ने जिला कलक्टर को पूरे मामले से अवगत करवाया, तब जाकर आधी रात प्रशासन गांव में पहुंचा। रात 12 बजे ग्रामीणों की उपस्थिति में देचू तहसीलदार शंकरलाल मीणा ने नुकसान का जायजा लेते हुए हर संभव सरकारी मदद दिलवाने का आश्वासन दिया। वहीं शुक्रवार सवेरे देचू विकास अधिकारी के निर्देश पर कनिष्ठ तकनीकी सहायक चन्द्रभान व ग्रामसेवक मुकेश कुमार ने क्षतिग्रस्त हुए मकान का जायजा लेते हुए रिपोर्ट तैयार करवाई।

इस बीच सवेरे 11.15 बजे देचू पुलिस टीम सुमेराराम की ढाणी पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए। इस भीषण हादसे के बाद पीडि़त परिवार सहमा हुआ है।