
goldsmith, goldsmith cheated, goldsmith looted, swindle case in jodhpur, phalodi news, crime news of jodhpur, facebook fraud cases, jodhpur news, jodhpur news in hindi
जोधपुर/फलोदी. सोशल नेटवर्र्किंग साइट फेसबुक पर दस प्रतिशत सस्ती दर पर साढ़े तीन किलो सोना मिलने के झांसे में आए फलोदी के दो स्वर्ण व्यवसायियों को ठगों ने 87.5 लाख की चपत लगा दी। पहले भुज (गुजरात) जाकर 27.5 लाख रुपए और शनिवार को फलोदी में ठग गिरोह को 60 लाख रुपए दे दिए। बदले में सोना नहीं मिलने पर व्यवसायियों ने जोधपुर जिला ग्रामीण पुलिस को शिकायत की। कुछ ही घंटों में जिले में नाकाबंदी करवा रविवार दोपहर बिलाड़ा थानान्तर्गत कापरड़ा के पास गुजरात नम्बर की लग्जरी कार में सवार तीन ठगों व ओसियां के पास भीकमकोर से सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। भीकमकोर की एक ढाणी में छिपाकर रखे साठ लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजन दुष्यंत ने बताया कि विराट नामक व्यक्ति ने फेसबुक पर बाजार भाव से दस प्रतिशत कम दर पर सोना बेचने की पेशकश की थी। फलोदी निवासी व्यवसायी जितेन्द्र पुत्र लीलाधर सोनी व सुभाष पुत्र मेघराज सोनी झांसे में आ गए। ऑनलाइन सम्पर्क करने पर दोनों व्यवसायी 10 जुलाई को ट्रेन से भुज पहुंचे। उन्होंने एक मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क किया। एक कार से उन्हें एक होटल और फिर आलीशान ऑफिस ले जाया गया। वहां सुल्तान उर्फ विराट, अब्दुल भाई पुत्र कासम व बशीर पुत्र हासम ने उन्हें सोना दिखाया और उस आधार पर बाजार भाव से दस प्रतिशत कम दर से साढ़े तीन किलो सोना खरीदने का सौदा तय हुआ। बदले में दोनों व्यवसायियों ने बतौर अग्रिम राशि 27.5 लाख रुपए दे दिए। सोने की डिलीवरी शनिवार को फलोदी में देना तय हुआ। डिलीवरी पर साठ लाख रुपए देने का निर्णय भी किया गया। इसके बाद दोनों व्यवसायी जोधपुर आ गए। इस बीच, शनिवार शाम कार में भुज के तीनों व्यक्ति फलोदी पहुंचे व नई सड़क पर इलाहाबाद बैंक के पास व्यवसायियों से मुलाकात की। दोनों ने सुल्तान को साठ लाख रुपए दे दिए। रुपए का बैग उसने भीकमकोर निवासी भैराराम जाट को दे दिया।
एक व्यवसायी को पीछे आने को कहा और भाग निकले
साठ लाख रुपए लेने के बाद सुल्तान ने एक व्यवसायी को उसके पीछे-पीछे आने व कार से सोना व पक्का बिल ले जाने का झांसा दिया। व्यवसायी उसके पीछे आने लगा। सुल्तान कुछ दूर जाकर कार में बैठ गया और चारों रवाना हो गए। यह देख व्यवसायियों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मोबाइल व गुजरात नम्बर की कार से तलाश
ठगी से भौंचक्के दोनों व्यवसायियों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों के पास ठगों के न तो नाम व पता था और न ही मोबाइल नम्बर। ठगों का सिर्फ एक मोबाइल नम्बर चालू था। उस मोबाइल नम्बर व गुजरात नम्बर की कार के आधार पर जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। ठगों की एफबी आईडी से भी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया गया। इस बीच, रविवार को बिलाड़ा थानाधिकारी गौतम जैन ने कापरड़ा के पास कार रोक ली। थाने लाकर पूछताछ में तीनों ने वारदात स्वीकार कर ली।
ढाणी में मिले साठ लाख
ठगों ने पुलिस को बताया कि साठ लाख रुपए भीकमकोर निवासी भैराराम जाट के पास है। पुलिस ने उसकी ढाणी पर दबिश देकर साठ लाख रुपए का बैग बरामद कर लिया। पुलिस ने भुज निवासी सुल्तान उर्फ विराट, अब्दुल भाई पुत्र कासम भाई, बशीर पुत्र हासम और भीकमकोर निवासी भैराराम पुत्र बाबूलाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। ठगी की शेष राशि 27.5 लाख बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कस्टम अधिकारी का सोना होने का झांसा
भुज में आरोपियों ने स्वर्ण व्यवसायियों को बताया था कि कस्टम विभाग के एक अधिकारी ने सोना छुड़वाया है। जिसे वह बाजार भाव से दस प्रतिशत कम दर पर बेच रहा है। व्यवसायी उससे डेढ़ करोड़ में पांच किलो सोना खरीदने वाले थे।
टीम को पुरस्कार की घोषणा
चंदे घंटे में गुजरात के ठगों को पकडऩे व साठ लाख रुपए बरामद करने में शामिल फलोदी थानाधिकारी मदन सिंह, बिलाड़ा थानाधिकारी गौतम जैन, हैड कांस्टेबल मेघाराम, सुरेन्द्र, दिनेश विश्नोई, रवि मीणा व सुरेन्द्र गोदारा को एसपी ने पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Published on:
16 Jul 2018 09:57 am
