
जून की शुरुआत में खूब बरसे मेघ, 31 प्रतिशत अधिक बारिश
जोधपुर. इस साल एक से 24 जून तक प्रदेश में 31 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। पश्चिमी राजस्थान में सर्वाधिक 65 प्रतिशत बारिश हुई। अब एकदम से सुस्ती आ गई है। मानसून जुलाई से पहले सक्रिय होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 15 दिनों तक सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई है। आगामी 8 जुलाई तक खास बारिश नहीं होने और उमस भरी गर्मी बरकरार रहने के आसार हैं।
मानसून ने 18 जून को प्रदेश में उदयपुर-झालावाड़ से प्रवेश किया था। इसके अगले दिन बाड़मेर, जालोर, भीलवाड़ा होते हुए धौलपुर तक पहुंच गया, लेकिन 20 जून से यह ठंडा पड़ गया। अभी तक मानसून वहीं ठहरा हुआ है। अगले एक सप्ताह तक इसके आगे बढऩे की परिस्थितियां बनती नहीं दिख रही।
प्रदेश में 1 से 24 जून तक बारिश
स्थान ------- वास्तविक बारिश---सामान्य बारिश---विचलन
राजस्थान ------ 42.5 ------ 32.5 ------ +31 प्रतिशत
पूर्वी राजस्थान ------42.1 ------ 40.7 ------ +03 प्रतिशत
पश्चिमी राजस्थान --- 42.8 ------26 ------ +65 प्रतिशत
...................................
पिछले साल अधिक था पारा
मारवाड़ में इन दिनों भयंकर उमस का मौसम है। रात का तापमान तीस और दिन का चालीस डिग्री के आसपास बना हुआ है। उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। हर कोई कोई मानसून की राह तक रहा है। पिछले साल भी तापमान कुछ अधिक था। गत वर्ष 25 जून को जोधपुर में मानसून पहुंच गया था। एक दिन पहले संभाग के अन्य पांच जिलों में भी पहुंच गया था। इस बार बगैर मानसून ही उमस लोगों को छका रही है।
तिथि ----------- वर्ष 2021 ------------वर्ष 2020
न्यूनतम - अधिकतम------न्यूनतम- अधिकतम
22 जून ---- 27.0- 38.1 --------- 29.8- 41.2
23 जून ---- 29.4 - 39.7 --------- 31.6 - 42.1
24 जून ---- 28.2 - 39.2 --------- 29.0 - 37.2
25 जून ---- 28.8 - 39.3 --------- 25.0 - 38.2
26 जून ---- 29.5 - 37.8 --------- 28.3 - 39.8
..............................
प्रदेश में केवल 4 जगह पारा 40 डिग्री से ऊपर
प्रदेश के अधिकांश हिस्से में तापमान चालीस डिग्री के भीतर है, फिर भी उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। शनिवार को भी प्रदेश में केवल चार स्थानों का तापमान चालीस डिग्री से अधिक रहा। इनमें श्रीगंगानगर (40.5), बीकानेर (40.8), फलोदी (40.6) और पाली (40.4) डिग्री सेल्सियस शामिल है।
Published on:
27 Jun 2021 07:22 pm
