
सडक़ों, फ्लाइओवर और रिंग रोड के बारे में सरकार से जवाब तलब
जोधपुर
राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस संगीत लोढा और दिनेश मेहता की खंडपीठ ने सोमवार को समाजसेवी महेन्द्र लोढा बनाम सीएस राजन अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान जोधपुर शहर में सडक़ों, फ्लाइओवर्स व रिंग रोड सहित अन्य मसलों पर सरकार से जवाब तलब किया है। मामले की सुनवाई एक सप्ताह बाद होगी।
इससे पूर्व सरकार की ओर से एएजी राजेश पंवार व उनके सहयोगी ने अब तक के आदेशों की पालना रिपोर्ट पेश की। पिछली सुनवाई में याचिकाकर्ता के अधिवक्ता अशोक छंगाणी की ओर से कोर्ट के समक्ष बताया गया था कि हाईकोर्ट की ओर से पूर्व में दिए कई अहम निर्देशों की अभी तक पालना नहीं हुई है।
इस पर हाईकोर्ट ने सरकार से पालना रिपोर्ट मांगी थी। गौरतलब है कि वर्ष 2007 में याचिकाकर्ता की ओर से दायर जनहित याचिका में कोर्ट की ओर से जारी कोर्ट के निर्देशों की पालना नहीं किए जाने पर दो वर्ष पूर्व अवमानना याचिका दायर की थी।
Published on:
13 Nov 2018 12:45 am
