
व्यवसायी का मोबाइल हैक कर खाते से 3.5 लाख रुपए निकाले
जोधपुर.
मण्डोर थानान्तर्गत माता का थान क्षेत्र में आयरन व्यवसायी का मोबाइल हैक कर शातिर ठग ने बैंक खाते से 3.5 लाख रुपए निकाल लिए। वहीं, दो अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों से 11.14 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
पुलिस के अनुसार माता का थान में मान नगर निवासी सत्यनारायण पुत्र खींयाराम टाक की क्षेत्र में लोहे की दुकान हैं। गत माह किसी ने कॉल व एसएमएस करने के बाद सत्यनारायण का मोबाइल हैक कर लिया। जिसका उसे पता नहीं चल पाया। वह मंगलवार को बैंक पहुंचा और बैंक खाते की डिटेल निकलवाई तो खाते से 3.50 लाख रुपए निकलने का पता लगा। जो 31 जनवरी से चार जनवरी के बीच अलग-अलग किस्तों में निकाले गए थे। उसने बैंक प्रबंधन से शिकायत की और खाता बंद कराया। साथ ही पुलिस में मामला दर्ज कराया।
उधर, ठगी की एक अन्य वारदात रातानाडा थानान्तर्गत रामापीर कॉलोनी निवासी विशालसिंह पुत्र किशनसिंह गौड़ के साथ हुई। गत 30 जनवरी को उसने ऑनलाइन लेन-देन किया था। खाते में पर्याप्त राशि होने के बावजूद लेन-देन पूरा नहीं हो पाया था। गूगल पर सर्च करने से मिले कस्टमर केयर के नम्बर पर बात कर 31 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई। उसने विशालसिंह से खाते से सभी जानकारी ले ली, लेकिन फिर भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ। वह 1 फरवरी को बैंक गया। वहां केवाइसी अपडेट कराया। इस दौरान एटीएम से दो सौ रुपए निकालने का प्रयास किया, लेकिन समय अधिक होने से राशि नहीं निकली। खाते में यह राशि दुबारा जमा हो गई। इस दौरान किसी ने खाते में जमा 73255 रुपए निकाल लिए। ऑनलाइन ठगी की एक अन्य वारदात चौखां में लहरिया वैली निवासी सुनील पुत्र मांगीलाल टावरी के साथ हुई। फर्जी बैंक अधिकारी बन डेबिट व क्रेडिट कार्ड की जानकारी ली और फिर खाते से 41 हजार रुपए निकाल लिए।
Published on:
03 Feb 2021 10:35 pm
