
घरों व मंदिरों में सादगी से मनाया हनुमान जन्मोत्सव
जोधपुर. पवनपुत्र हनुमान का जन्मोत्सव मंगलवार को शहरवासियों ने घरों में ही रहकर सादगी से मनाया। श्रद्धालुओं ने घरों में और पुजारियों ने मंदिरों में हनुमान स्तुति-चालिसा पाठ व सुंदरकाण्ड पाठ किए। हनुमान जन्मोत्सव पर विहिप कार्यालय में चालीसा पाठ और उपासना कर कोरोना महामारी से मुक्ति की प्रार्थना की गई। सिवांची गेट स्थित श्री प्रत्यक्ष महावीर बालाजी मंदिर में कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए सादगीपूर्ण तरीके से हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। मन्दिर के पुजारी भगवानदास वैष्णव ने बताया कि प्रतिमा का शृंगार कर सुन्दरकाण्ड पाठ किया गया। विहिप के सरदारपुरा प्रखंड की ओर से खडिया बास के कुम्भेश्वर महादेव मन्दिर में ऋतुपुष्पों का शृंगार कर अभिषेक किया गया। पाल रोड स्थित पाल बालाजी मंदिर में शहर के भक्तों के लिए आरती को फेसबुक पर लाइव किया गया। सूरसागर बड़ा रामद्वारा परिसर स्थित हनुमान मंदिर में रामस्नेही संतों ने सुंदरकाण्ड पाठ कर कोरोना महामारी से मुक्ति की प्रार्थना की। रातानाडा गणेश टेकरी स्थित सर्व कार्य सिद्ध हनुमान मंदिर, प्रतापनगर स्थित हनुमान शनिधाम और निमाज हवेली स्थित इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पुजारियों की ओर से सादगी से मनाया गया। विप्र फ़ाउंडेशन की ओर से देश भर में हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शनिधाम शास्त्री नगर ए सेक्टर स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव कोविड-19 की गाइडलाइन की पालना करते हुए मनाया गया। महंत हेमंत महाराज ने बताया कि शाम को सुंदरकाण्ड पाठ व रात्रि में सवामणी भोग महाआरती की गई।
Published on:
28 Apr 2021 12:11 pm
