
जोधपुर. नागौर जिले में रेण कस्बे के रहने वाले विजयकुमार पालीवाल ने आइआइटी जोधपुर में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटक) 2018 पाठ्यक्रम में टॉप किया। विजय को इसके लिए न केवल बोर्ड ऑफ गवर्नर्स-2018 पुरस्कार के साथ ही प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल से भी सम्मानित किया गया। हिंदी माध्यम के विजय का बिना कोचिंग के आइआइटी जेईई में सलेक्शन हुआ। शुरुआत में उसे लेक्चर्स समझने में भी परेशानी हुई, लेकिन सारी दिक्कतों को पार कर वह टॉपर बना। दीक्षांत समारोह में विजय के पिता किशन पालीवाल, मम्मी, भाई-बहिन सहित परिवार के करीब दस सदस्य उपस्थित थे।
विजय ने हाल ही में अमरीकी सॉफ्टवेयर कम्पनी डीई-शा ने उसे 36 लाख रुपए सालाना पैकेज पर हायर किया है। उसकी पोस्टिंग हैदराबाद में हुई है।
मैसूर का नितिन 2017 का टॉपर
मैसूर के नितिन वी. ने शैक्षणिक सत्र 2017 में टॉप किया। मुंबई स्थित डायरेक्ट इंटरनेट सोल्यूशन कम्पनी में डाटा साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत नितिन ने ‘पत्रिका’ को बताया कि एमएससी व पीएचडी करने के बाद खुद की कम्पनी शुरू करने की योजना है। नितिन ने बताया कि सफलता के दो ही तरीके होते हैं। या तो वह काम किया जाए जिसमें आपकी रुचि है अन्यथा जो भी काम करो उसमें रुचि पैदा कर दो। नितिन दूसरे तरीके में अधिक विश्वास रखता है।