10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए पहाड़ों के रोमांच पसंद करते हैं जोधपुराइट्स, सबसे ज्यादा बुकिंग इसी क्षेत्र की

गर्मी की छुट्टियों में सबसे ज्यादा बुकिंग हिमाचल और उत्तराखंड की
2 min read
Google source verification
holiday planning package

गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए पहाड़ों के रोमांच पसंद करते हैं जोधपुराइट्स, सबसे ज्यादा बुकिंग इसी क्षेत्र की

एमआई जाहिर/जोधपुर. सैर कर दुनिया की गाफिल जिंदगानी फिर कहां, जिंदगानी गर रही तो नौजवानी फिर कहां...? आज की भागती दौड़ती जिंदगी में इंसान कुछ सुकून के पल चाहता है और जरा सी फुर्सत मिली नहीं कि उसे सैर सपाटा करना अच्छा लगता है। समर में देश-विदेश के पर्यटक घूमने के लिए राजस्थान आते हैं और उनमें से कई पर्यटक जोधपुर, जयपुर जैसलमेर, माउंट आबू और उदयपुर की सैर करना पसंद करते हैं, मगर हमेशा ‘केसरिया बालम’ के लिए पलक पावड़े बिछाने वाले जोधपुर शहर के बाशिंदों को पहाड़ी और बर्फीले इलाकों में घूमना ज्यादा पसंद है।

उन्हें मारवाड़ के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू, हिमाचल प्रदेश का शिमला और उत्तराखंड का नैनीताल घूमना बहुत अच्छा लगता है। यानी जोधपुर के लोगों के पसंदीदा टूरिज्म डेस्टिनेशन में इन शहरों का नाम सबसे ऊपर है। शहर की टूर एंडटे्रवल एजेंसियों से बात करने पर यह तथ्य उभर कर सामने आया। उनके मुताबिक शहर के बाशिंदों को माउंट की नक्की झील और सनसैट पॉइंट बहुत अच्छे लगते हैं। वहीं इस गर्मी में शिमला और नैनीताल जा कर उन्हें सुकून और शीतलता मिलती है।

ऊटी, पचमढ़ी और मसूरी भी पसंद
इन जोधपुराइट्स के पसंदीदा पर्यटक स्थलों की रेटिंग सूची में इनके बाद दक्षिण के ऊटी, मध्यप्रदेश के पचमढ़ी और उत्तर प्रदेश के मसूरी का नाम आता है। जायजे के अनुसार जोधपुर के लोगों के राजस्थान के पसंदीदा पर्यटन स्थलों में उदयपुर, कुंभलगढ़, रणकपुर और हल्दी घाटी के नाम शामिल हैं। हां, सर्दियों में उन्हें जैसलमेर की सैर करना अच्छा लगता है। कई सनसिटीजन्स ऐसे भी हैं जो कश्मीर जाना चाहते हैं। उनका कहना है कि वह बहुत ही खूबसूरत जगह है, मगर कई बार वहां के हालात अच्छे न होने के कारण वे वहां नहीं जा पाते।


माउंट में समर फेस्टिवल कल से

पर्यटकों में पर्वतीय पर्यटन के प्रति बड़ा ही रोमांच रहता है। इस बार 10 और 11 मई को माउंट आबू में समर फेस्टिवल है। इसलिए पर्यटक माउंट आबू आएंगे।
-विकास पण्डया, उप निदेशक, पर्यटन विभाग


पहाड़ों की सैर पसंद

जोधपुर के लोगों को पहाड़ों की सैर करना शुरू से ही पसंद है। पहले जोधपुर के लोग कश्मीर घूमने जाते थे, मगर जब से वहां के हालात खराब हुए हैं, लोग चाहते हुए भी वहां नहीं जा पा रहे हैं। वहीं जोधपुर के युवाओं को स्टडी करने के लिए रूस और चीन जाना अधिक पसंद है।
-पीसी गौड़, पूर्व उप निदेशक, पर्यटन विभाग, जोधपुर

कुल्लू मनाली भी हॉट डेस्टिनेशन
जोधपुर के लोग समूह में घूमना पंसद करते हैं। वे या तो परिवार के साथ या फेंड्स के साथ घूमने जाना पसंद करते हैं। वे समर वेकेशन्स में कुल्लू मनाली जाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वे परसराम महादेव, गुजरात के मेहसाणा और माउंट आबू की ओर भी रुख करते हैं। यह सिलसिला मई से अगस्त तक जारी रहेगा।
-पूनमचंद चौधरी, टूर एंड ट्रेवल एजेंट

लुभा रहा हिमाचल

जोधपुर के ज्यादातर लोग वीकएंड पर माउंट जाना अधिक पसंद करते हैं। उसके बाद वे हिमाचल घूमने जाना पसंद करते हैं। हिमाचल प्रदेश का टूर सस्ता पड़ता है। वह इलाका ठंडा भी है और वहां बर्फ भी है। शिमला और कुल्लू मनाली में 10 से 16-18 किलोमीटर ऊपर बर्फ मिल जाती है।
-हेमंत, संचालक, टे्रवल एजेंसी