
जोधपुर. पाकिस्तान व राजस्थान की सीमा पर कम दबाव का क्षेत्र बनने और बंगाल की खाड़ी में भी दबाव पैदा होने से मानसून ने फिर से थार की तरफ रुख किया है। बुधवार से बरसाती बादलों का मौसम शुरू हो जाएगा। गुरुवार व शुक्रवार को कई जगह हल्की बरसात होने की उम्मीद है। हालांकि मानसून का अभी मजबूत सिस्टम नहीं बना है। ऐसे में अच्छी बारिश की संभावना अब भी कम ही है। गौरतलब है कि जोधपुर में अंतिम बरसात करीब बीस दिन पहले 19 जुलाई को हुई थी।
सूर्यनगरी में सोमवार बादलों की हल्की आवाजाही बनी रही। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में सूरज व बादलों की आंखमिचौनी के बीच उमसभरा मौसम बना रहा। उमस की वजह से शहरवासी परेशान रहे। दोपहर में तापमान 33.7 डिग्री मापा गया। बीस दिन बरसात की आस लगाए बैठे शहरवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि मंगलवार से घने बादल फिर से आना शुरू हो जाएंगे और बुधवार शाम से बूंदाबांदी की उम्मीद है। सप्ताहांत बादल-बरसात का मौसम रहेगा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 26 व अधिकतम 36 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा 25.3 व दिन का 35.3 डिग्री मापा गया।