
सरस पशु आहार की अवैध आपूर्ति पर हंगामा, मिनी ट्रक जब्त
पीपाड़सिटी (जोधपुर) . सरस पशु आहार की निजी दुकान में नियम विरुद्ध आपूर्ति को लेकर शुक्रवार देर रात्रि को हंगामा होने पर पुलिस ने मिनी ट्रक को एमवी एक्ट में जब्त किया। इस मामले में कोई रिपोर्ट पेश नहीं करने से डेयरी प्रशासन और निजी व्यापारियों की मिलीभगत को दशार्ता हैं।
शहर की सब्जी मंडी के पास एक निजी दुकान पर मिनी ट्रक से सरस पशु आहार के कट्टे उतारने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। स्थिति बिगडऩे पर पशुआहार के कई कट्टों को वापस वाहन में लाद देने की जानकारी मिली है।
सूचना मिलने पर पुलिस थानाधिकारी प्रेमदान रतनू भी मौके पर पहुंचे और सरस पशु आहार से भरे ट्रक को पुलिस थाना लाया गया। इसके बाद उपजिला मजिस्ट्रेट शैतानसिंह राजपुरोहित भी देर रात्रि को थाना पहुंचे।
नियम विरुद्ध आपूर्ति
सरस प्रशासन ने गत 4 नवम्बर से निजी दुकानदारों को पशु आहार की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब ये पशु आहार सिर्फ गोशालाओं और ग्रामीण सहकारी समितियों के माध्यम से ही बेचने की व्यवस्था लागू की गई है। उसके बावजूद देर रात्रि को सरस डेयरी के पशु आहार से भरे मिनी ट्रक का निजी दुकान पर रुककर आपूर्ति करना और खुलासे के बावजूद डेयरी प्रशासन का मौन रहने से कालाबाजारी और मिलीभगत की संभावना से इनकार नही किया जा सकता हैं। क्योंकि इस मामले में खुलासे के बावजूद डेयरी प्रशासन ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने से हाथ खींच लिए हैं।
इन्होंने कहा
इस मामले में सरस डेयरी प्रशासन कार्रवाई के लिए अधिकृत है। उसके अधिकारियों को सूचना दे दी गईं। -शैतानसिंह राजपुरोहित, उपजिला मजिस्ट्रेट, पीपाड़सिटी।
डेयरी प्रशासन को इस गड़बड़ी की सूचना दी जा चुकी हैं।लेकिन उनकी तरफ से कोई रिपोर्ट पेश नही की।पुलिस ने मिनी ट्रक के जरूरी दस्तावेज नहीं होने पर एमवी एक्ट में जब्त कर कार्रवाई की है।
-प्रेमदान रतनू, पुलिस थानाधिकारी, पीपाड़सिटी।
Published on:
16 Nov 2019 08:31 pm
