
जोधपुर. भारतीय और फ्रांसीसी वायुसेना के मध्य पांच दिवसीय युद्धाभ्यास बुधवार से जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर शुरू होगा। डेजर्ट नाइट-21 नामक इस युद्धाभ्यास के लिए भारत-फ्रांस के रफाल लड़ाकू विमान आपसी समझ और युद्ध कौशल का प्रदर्शन करेंगे। भारत की ओर से 4 रफाल इसमें भाग लेंगे। फ्रैंच एयरफोर्स अपने साथ 4 से 6 रफाल लाएगी और साथ में हवा से हवा में ईंधन भरने वाला एयरक्राफ्ट टैंकर भी होगा। युद्धाभ्यास में भारतीय रफाल विमानों के साथ सुखोई-३० लड़ाकू विमान भी शामिल होंगे। मिराज विमानों के भी शामिल होने के समाचार है।
फ्रांसिसी एयरफोर्स की टीम 20 जनवरी को जोधपुर पहुंचेगी। इसके बाद तीन दिनों तक दोनों देशों की वायुसेना के फाइटर पायलट थार मरुस्थल की विभिन्न परिस्थितियों में युद्ध कौशल का अभ्यास करने के साथ सामंजस्य सीखेंगे। युद्धाभ्यास के दौरान भारतीय रफाल उड़ाने वाले पायलट्स को फ्रांसीसी रफाल के पायलट्स से नए गुर व तकनीकी सीखने को मिलेगी। २४ जनवरी को फ्रांस की टीम वापस रवाना हो जाएगी।
गौरतलब है कि भारत और फ्रांस के मध्य पिछले एक दशक से गरुड़ युद्धाभ्यास किया आयोजन किया जा रहा है। डेजर्ट नाइट युद्धाभ्यास इससे हटकर है। सर्दियों के मौसम में जोधपुर में आसमां साफ रहने के कारण इसे युद्धाभ्यास के लिए चुना गया है।
Published on:
19 Jan 2021 06:50 pm
