
पेयजल समस्याओं के कारण फिर याद आई जवाई बांध की, ऐसे बुझाएगा प्यास
- केन्द्रीय राज्यमंत्री चौधरी ने ली बैठक
जोधपुर . केंद्रीय विधि एवं न्याय और कॉरपोरेट कार्य राज्यमंत्री पीपी चौधरी ने मंगलवार को यहां सर्किट हाउस में अपने क्षेत्र में गर्मी की वजह से उपजी पेयजल समस्या को लेकर जलदाय विभाग अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राज्यमंत्री चौधरी के सुझाव अनुसार प्रति वर्ष पाली क्षेत्र के रोहट, सोजत और सुमेरपुर क्षेत्र के प्रमुख तालाबों को जवाई बांध से भरने की योजना तैयार करेंगे। योजना के तहत बारिश के बाद गर्मी की शुरुआत में जवाई बांध से नहरों द्वारा 2500 एमसीएफटी पानी छोड़कर क्षेत्र के सारे तालाब भरे जाएंगे। इससे 500 एमसीएफटी पानी पेयजल के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जवाई बांध से तीन हजार एमसीएफटी पानी छोडऩे से पेयजल और तालाब भर सकेंगे। चौधरी ने बांध के ओवरफ्लो के पानी से तालाब भरने की योजना पर भी रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
अगली गर्मी से लागू होगी योजना
जवाई बांध में 7300 एमसीएफटी पानी भराव की क्षमता है। अगली गर्मी के मौसम से पहले जवाई से तालाब भरने की योजना पर अमल किया जाएगा। यह योजना लागू होने से पाली लोकसभा क्षेत्र में टैंकर से सप्लाई की प्रणाली खत्म हो जाएगी। बैठक में जिला परिषद जोधपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी,जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता, मंडोर पेयजल परियोजना अभियंता तथा जलदाय परियोजना के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
24 घंटे में बिजली कनेक्शन जोडऩे के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान जालेली फौजदारा के सरपंच कंवराराम बाबल और उदाराम विश्नोई ने पशुओं के पीने के पानी के लिए तालाब में बंद पड़ी बावडिय़ों को शुरू करने की योजना के लिए विद्युत कनेक्शन की समस्या प्रस्तुत की। चौधरी ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए डिस्कॉम अभियंता को फोन कर 24 घण्टे में कनेक्शन जोडऩे के निर्देश दिए। चौधरी ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए डिस्कॉम अभियंता को फोन कर 24 घण्टे में कनेक्शन जोडऩे के निर्देश दिए।
Published on:
30 May 2018 06:19 pm
