
कुणाल पुरोहित/जोधपुर. मथुरादास माथुर अस्पताल MDM के कार्डियोलॉजी विभाग में गुरुवार को कैथ लैब के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान निर्माण कार्य पर सवाल उठाना एमडीएमएच के उपाधीक्षक डॉ. अरुण शर्मा को भारी पड़ गया। JDA चेयरमैन राठौड़ जनप्रतिनिधियों से कैथ लैब के निर्माण संबंधित बात कर रहे थे। इसके बाद मौजूद अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। तभी उपाधीक्षक शर्मा बोले कि सरकारी काम कौनसा समय पर पूरे होते हैं। इतना सुनते ही JDA चेयरमैन राठौड़ नाराज हो गए और उन्होंने उपाधीक्षक को फटकार लगाते हुए कहा कौनसे काम समय पर पूरे नहीं हुए। यह बताओ। इसके बाद उपाधीक्षक ने चुप्पी साध ली।
जब विधायक अस्पताल में भर्ती हुई तब पता चला कि कैथ लैब नाकाफी है
शहर विधायक ने बताया कि जब सूरसागर विधायक की तबीयत बिगड़ी थी तो मुझे कहा गया था कि हमारे यहां कैथ लैब की सुविधा कम है। तब मैंने यह मामला विधानसभा में उठाया था। इसके लिए मैंने मुख्यमंत्री से नौ करोड़ रुपए की मांग की थी। लेकिन उन्होंने इसके लिए दस करोड़ रुपए का बजट दिया।
फिर उखड़े शहर विधायक
शहर विधायक कैलाश भंसाली एक बार फिर उखड़ गए। इस बार उनकी नाराजगी मीडियाकर्मियों से उनकी बाइट नहीं लेने को लेकर हुई। बाद में जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद वे माने। इसके बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। दरअसल, कवरेज के लिए गए मीडियाकर्मियों ने शिलान्यास कार्यक्रम के बाद जेडीए चेयरमैन महेंद्र सिंह राठौड़, विभागाध्यक्ष संजीव सांघवी और सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास की बाइट ली। इस बात पर शहर विधायक नाराज हो गए और उन्होंने जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ चिकित्सक शिक्षकों और मीडियाकर्मियों के सामने इस नाराजगी को जाहिर भी कर दिया। उन्होंने कहा कि मुझे नजरअंदाज किया जा रहा है। जबकि यह मेरा विधानसभा क्षेत्र है।