
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं की नियमित परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो रही हैं। पहले दिन बीए अंतिम वर्ष का प्रश्न पत्र है। यह परीक्षा सुबह की पारी में होगी। नियमित परीक्षा के साथ कुछ स्वयंपाठी व भूतपूर्व परीक्षार्थियों की परीक्षाएं भी आरंभ होगी। परीक्षा मे विवि के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं अलावा विवि से सम्बद्ध जोधपुर, पाली, बाड़मेर, जैसलमेर और जालोर के कॉलेज के 60 हजार से अधिक परीक्षार्थी बैठ रहे हैं। पूरे संभाग में 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल की रोकथाम के लिए पांच उडऩदस्ते गठित किए गए हैं। विवि ने परीक्षा के लिए ऑनलाइन प्रवेश पत्र जारी किए हैं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. जेताराम विश्नोई ने बताया कि इस वर्ष कुल 60 हजार 554 नियमित परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसमें 35 हजार 19 छात्र और 25 हजार 575 छात्राएं है। बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा 9 मार्च, बीए द्वितीय वर्ष की 8 मार्च और बीए तृतीय वर्ष की 7 मार्च से परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा के लिए जोधपुर शहर में 11, जोधपुर ग्रामीण में 17, पाली में 14, जालोर में 23, बाड़मेर में 21 और जैसलमेर में 4 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। नकल रोकने के लिए 5 उडऩ दस्ते बनाए गए हैं जो हमेशा परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इसके लिए जोधपुर शहर में 3 उडऩ दस्ते व संभाग के लिए 2 उडऩ दस्ते हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने निर्देश दिए गए हैं।
कॉलेजों में नकल रोकथाम के लिए उठाए कदम
– प्रत्येक परीक्षा पारी के प्रश्न पत्र खोलने से उत्तर पुस्तिका सील करने तक की कार्यवाही सीसीटीवी कैमरे के फ ुटेज परीक्षा शाखा और गोपनीय शाखा को प्रतिदिन भेजने होंगे।
– निजी महाविद्यालय के किसी परीक्षा केन्द्र पर नकल की शिकायत होने पर जांच की जाएगी। नकल मिलने पर परीक्षा केन्द्राधीक्षक स्वयं जिम्मेवार होगा। राज्य सरकार के नकल अधिनियम के तहत् एवं विश्वविद्यालय नियमानुसार उसके विरूद्व कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों के विरूद्व विश्वविद्यालय नियमानुसार नकल प्रकरण के तहत कार्रवाई की जाएगी।
– परीक्षा के दौरान एवं पूर्व मे प्रश्न पत्र वाट्सएप पर या फ ोटो प्रति बाहर आने की शिकायत होने पर जांच करवाकर संबंधित परीक्षा केन्द्राधीक्षक के विरूद्व राज्य सरकार एवं विश्वविद्यालय नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
– किसी विशेष परिस्थिति मे किसी निजी महाविद्यालय के परीक्षा केन्द्र पर स्वयं के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं तो उस परीक्षा केन्द्र की उत्तर पुस्तिकाएं विशेष हिदायत के साथ विशेष परीक्षक द्वारा जांच करवाई जाएगी।