
देशभर के 50 एयरपोर्ट में जोधपुर की 47 वीं रैंक
जोधपुर. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से हाल ही में जारी की गई देश भर के टॉप 50 एयरपोर्ट की रैंकिंग में जोधपुर एयरपोर्ट को 47 वां स्थान मिला है। यात्री भार कम होने से जोधपुर एयरपोर्ट पिछले साल से तीन स्थान और नीचे आगया है। राजधानी जयपुर को 13वी रैंक मिली है।
जोधपुर एयरपोर्ट से गत सितंबर से लेकर मार्च तक 5 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की, जबकि इससे पहले के 5 महीनों में केवल 50 से 60 हजार यात्रियों ने ही फ्लाइट का उपयोग किया। कुल मिलाकर 2019-20 में 5 लाख 68 हजार 716 यात्रियों ने यात्रा की, जबकि पिछले साल 506826 यात्रियों ने यात्रा की थी।
सर्दियों में 24 फ्लाइट, गर्मियों में 6 भी नहीं
पिछले साल सितंबर से गत मार्च तक जोधपुर में 24 फ्लाइट का संचालन हो रहा था। मुंबई, दिल्ली, पुणे, बेंगलुरु, इंदौर, अहमदाबाद सहित कई बड़े शहरों के लिए उड़ानें थीं, जबकि अप्रैल 2019 से लेकर अगस्त 2019 तक केवल एयर इंडिया की ही दो फ्लाइट थी। वह फ्लाइट भी हज यात्रा के कारण अनियमित संचालित हुई।
गर्मी के कारण शुरू नहीं हुई विमान सेवाएं
लॉकडाउन के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से मई के अंतिम सप्ताह में घरेलू उड़ानें शुरू करने के आदेश के बाद प्रदेश में जयपुर, उदयपुर, बीकानेर, जैसलमेर और किशनगढ़ एयरपोर्ट पर फ्लाइट शुरू हो गई है लेकिन जोधपुर एयरपोर्ट अब भी सूना है। बीकानेर, जैसलमेर और किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उड़ान योजना के कारण एयरलाइंस कंपनियों को सब्सिडी मिलने से उन्होंने फ्लाइट शुरू कर दी जबकि जोधपुर एयरपोर्ट बड़ा होने से सब्सिडी नहीं मिलती है। एयरलाइंस कंपनियां अत्यधिक गर्मी का बहाना बनाकर यहां फ्लाइट ऑपरेशन शुरू नहीं कर रही है।
10 लाख यात्री हो जाते
जोधपुर एयरपोर्ट से अगर पूरे साल सर्दियों की तरह 24 फ्लाइट चलती रहे तो यात्री भार 10 लाख से ऊपर चला जाता।
जीके खरे, निदेशक जोधपुर एयरपोर्ट
Updated on:
11 Jun 2020 10:13 pm
Published on:
11 Jun 2020 10:13 pm
