
Jodhpur Bus Fire: आग की लपटों में घिरी बस (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
जोधपुर। जोधपुर-फलोदी स्टेट हाईवे-61 पर बुधवार शाम एक निजी यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना लोहावट क्षेत्र के जंभेश्वर नगर के पास हुई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस फलोदी से जोधपुर की ओर जा रही थी। बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस सीएनजी से संचालित थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शार्ट-सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही लोहावट एसएचओ लिच्छाराम मय पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल पास से गुजर रही सड़क से वाहनों को डायवर्ट किया, जिससे हाईवे पर जाम नहीं लगा। वहीं सूचना पर लोहावट तहसीलदार मोतीलाल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
इस हादसे में सबसे बड़ी समस्या दमकल की रही। लोहावट में दमकल सेवा नहीं होने की वजह से सूचना के करीब 1 घंटे के बाद 40 किमी दूर फलोदी से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल के पहुंचने से पहले ही बस लगभग जल चुकी थी। आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई यात्री को चोट नहीं पहुंची। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है। कुछ यात्रियों के बस में रखे सामान जले हैं। समय रहते चालक-परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को बस से उतार लिया गया था।
Updated on:
05 Aug 2026 07:54 pm
Published on:
05 Aug 2026 07:27 pm
