
जोधपुर.
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर काम कर चुके नर्सिंग कर्मियों को अनुभव प्रमाण पत्र लेने के लिए कई दिनों के चक्कर के बाद आखिरकर अब राहत जगी। नर्सिंग कर्मियों ने आवाज उठाई तो मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग कार्यालय को शनिवार को अवकाश के दिन खोलकर अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने की तैयारी करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार जिले भर में पूर्व में संविदा पर काम कर चुके या काम कर रहे एएनएम व जीएनएम कर्मियों को सरकार की ओर से निकाली गई एएनएम व जीएनएम भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करना है। आवेदन की अंतिम तिथि 22 जुलाई तय है। आवेदन पत्र के साथ अनुभव प्रमाण पत्र सलंग्न करने को लेेकर कई संविदाकर्मी पिछले कई दिनों से झालामंड स्थित संयुक्त निदेशक कार्यालय व सीएमएचओ कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
शुक्रवार को भी सीएमएचओ कार्यालय में अनुभव प्रमाण पत्र लेने के लिए कई आवेदकों की भीड़ लगी रही। आवेदकों ने सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्रसिंह चौधरी से मिलकर भर्ती में वांछित अनुभव प्रमाण पत्र जल्द जारी करवाने का आग्रह किया। इस पर सीएमएचओ ने सभी से कहा कि जिनके प्रार्थना पत्र शुक्रवार तक जमा हो गए, उनके अनुभव प्रमाण पत्र शनिवार को कार्यालय खुला रखकर जारी कर दिए जाएंगे। इस संबंध में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष प्रीति रामदेव ने बताया कि विभाग को जो काम 15 दिन पहले करना चाहिए था, वो काम तीन दिन में किया गया। इससे भर्ती में आवेदन करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी खासे परेशान हुए।