31 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘जिंदा बची तो जाना मायके…’ राखी पर बहन का इंतजार करता रहा भाई, उधर पति ने सोते समय पत्नी की कर दी हत्या

जोधपुर में करवड़ थाना क्षेत्र के उजलिया गांव में महिला गुड़ी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। भाई ने पति दिनेश पर हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या का आरोप लगाया है। दहेज प्रताड़ना और पहले तलवार से हमले का भी आरोप है।
2 min read
Google source verification
jodhpur crime woman murdered

मृतका गुड़ी (पत्रिका फोटो)

Jodhpur Woman Murder: जोधपुर जिले के करवड़ थाना क्षेत्र के उजलिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने उसके पति पर लोहे के हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि महिला को शादी के बाद से ही दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने मृतका के भाई की रिपोर्ट पर आरोपी पति दिनेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) और 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जोधपुर ग्रामीण के कापरडा थाना क्षेत्र स्थित हिंगाणिया निवासी महेंद्र पुत्र देवाराम भील ने करवड़ थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन गुड़ी की शादी करीब 15 साल पहले दिनेश पुत्र पपाराम भील (निवासी उजलिया) के साथ हुई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि शादी के कुछ समय बाद से ही गुड़ी को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।

पहले भी तलवार लेकर किया था हमले का प्रयास

महेन्द्र ने बताया कि कुछ समय पहले आरोपी दिनेश अपनी पत्नी के पीछे तलवार लेकर उसे मारने के लिए दौड़ा था। उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर गुड़ी की जान बचाई थी। इस घटना की रिपोर्ट भी करवड़ थाने में दी गई थी। हालांकि, बाद में सामाजिक स्तर पर हुई समझाइश के दौरान दिनेश ने भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन देते हुए माफी मांग ली थी।

राखी से एक दिन पहले धमकी

रिपोर्ट के अनुसार, रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुड़ी ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह अगले दिन राखी लेकर मायके आएगी। आरोप है कि उसी दौरान पास खड़े दिनेश ने कथित रूप से कहा था कि कल जिंदा रहेगी तो राखी ले जाएगी। इसके अगले दिन 29 अगस्त की रात करीब 11:35 बजे दिनेश के भाई गणपत का फोन परिजनों के पास आया। उसने बताया कि दिनेश और गुड़ी के बीच झगड़ा हुआ है और दिनेश ने सो रही गुड़ी के सिर पर लोहे के हथौड़े से वार कर दिया है। गणपत ने परिजनों से तुरंत गांव पहुंचने को कहा।

सुबह गांव पहुंचने पर मिली मौत की खबर

साधन उपलब्ध न होने के कारण परिजन अगली सुबह उजलिया गांव पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों और बच्चों से जानकारी मिली कि रात में सो रही गुड़ी के सिर पर हथौड़े से वार किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई महेन्द्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच स्वयं करवड़ थाना प्रभारी परमेश्वरी द्वारा की जा रही है।