
जोधपुर के इस क्षेत्र में भूमिगत होगी विद्युत लाइन, सीएम के निर्देश पर डिस्कॉम खर्च करेगा 117 लाख रुपए
जोधपुर. मुख्य सडक़ पर यातायात का दबाव कम करने के लिए जालोरीगेट से पावटा तक वाया तकिया चांदशाह बनने वाले वैकल्पिक मार्ग की विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार जोधपुर डिस्कॉम ने लगभग 117 लाख की अनुमानित लागत से मार्ग से गुजर रही 11 केवी, एलटी लाइन भूमिगत करने की तकनीकी मंजूरी जारी कर दी है।
नगर निगम उपायुक्त आकांक्षा बैरवा के अनुसार प्रस्तावित वैकल्पिक सडक़ पर सार्वजनिक रोशनी व्यवस्था के लिए लगभग 25 लाख की लागत से नए पोल मय लाइट लगाने की निविदा जारी कर दी गई है। इसके अलावा प्रस्तावित वैकल्पिक सडक़ निर्माण के कार्यों में 75 लाख की अनुमानित लागत से वॉल टू वॉल सीसी रोड, बाउंड्री, वॉल पेंटिंग तथा सीवरेज कार्य भी करवाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जालोरीगेट से पावटा तक की मुख्य सडक़ के यातायात समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक मार्ग की योजना लंबित है। हालांकि अब भी जालोरीगेट से सोजती गेट तक तकिया चांदशाह की रोड का वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन इस सडक़ की हालत दयनीय बनी हुई है। राजरणछोड़दास जी मंदिर के पिछले हिस्से पर तो अतिक्रमण के अलावा सडक़ की एक तरफ निर्माण सामग्री का मलबा तक लोगों ने बिखेर रखा है, लेकिन जिम्मेदारों की ध्यान नहीं जा रहा। क्षतिग्रस्त सडक़ और तकिया चांदशाह के पास वाहनों की बेतरबीब पार्र्किंग भी आवागमन में बाधक बनती है।
Published on:
04 Mar 2020 04:39 pm
