
शूटिंग में इरफान के चिकित्सक रहे डॉ भंडारी ने साझा किए अनुभव, बताया महान कलाकार थे खान
जोधपुर. मणिधारी अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे चिकित्सक डॉ गौतम भंडारी ने अभिनेता इरफान खान की मृत्यु पर दु:ख प्रकट करते हुए अपने उन दिनों की यादों को साझा किया है। जब अभिनेता अपनी एक फिल्म के लिए मारवाड़ आए हुए थे। यहां शूटिंग के दौरान क्रू के लिए चिकित्सकीय सेवाएं देने के साथ डॉ भंडारी को करीब दो महीने तक खान के साथ रहने और उनके अभिनय क्षमता को जानने का मौका मिला था। आज जब खान की मृत्यु पर बॉलीवुड जगत सहित उनके परिजन और जोधपुर स्थित ननिहाल में शोक व्याप्त है। ऐसे में भंडारी बता रहे हैं कि वर्ष 2000 जून माह में आसिफ कपाडिय़ा निर्देशित व यूके की अंग्रेजी फिल्म 'द वॉरियर' की शूटिंग के दौरान हुए संस्मरण।
उन्होंने बताया कि यूनिट व क्रू मेम्बर्स के लिए मुझे दो माह तक डॉक्टर नियुक्त किया गया था। फिल्म की शूटिंग जालोर जिले के भीनमाल क्षेत्र के कोटकास्ता, बाड़मेर जिले के गेहू रोड तथा जैसलमेर के कुलधारा में हुई। शूटिंग के दौरान पूरे दो माह तक मुझे इरफान के साथ रहने का मौका मिला। बिलकुल आम आदमी की तरह महान कलाकार। सादा शाकाहारी भोजन करना और सभी से मिलजुल कर रहना उनका स्वभाव था।
शूटिंग के दौरान जब इरफान का पैर चोटिल हो गया जिसके कारण 10 दिनों तक मुझे उनकी विशेष देखभाल करनी पड़ी। खास तौर पर उन्हें मिट्टी के संक्रमण से बचाने के लिए एंटीबायटिक देनी पड़ी। जब उनके पास सिगरेट खत्म हो जाती तो वे क्रू मेम्बर्स से बीड़ी भी लेकर पी लेते थे। शूटिंग के दौरान फुर्सत में मेरे साथ खाट पर बैठकर गप्पे मारते और हंसी मजाक करते थे। उसके बाद दो बार जोधपुर आए तब मुझे उनसे मिलने का मौका मिला।
Published on:
29 Apr 2020 07:12 pm
