
मानसूनी सीजन में जोधपुर में एक दिन की सर्वाधिक बारिश, 44 मिमी पानी बरसा
जोधपुर. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बरसात का मौसम रहा। बीते चौबीस घण्टे में जोधपुर में इस दौरान 44.5 मिलीमीटर बारिश हुई जो इस मानसूनी सीजन में एक दिन की सर्वाधिक बारिश है। जिले के बिलाड़ा में 24, पीपाड़ में 15, लूणी में 14 और देचू में 12 मिमी पानी बरसा।
मानसून जोधपुर, पाली और बाड़मेर के ऊपर अधिक सक्रिय था। बाड़मेर के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश हुई। शहर में 41, सेवड़ा में 100, रामगढ़ में 65 गडरारोड में 27, बायतू में 17, गिड़ा में 15 मिमी पानी बरसा। पाली में 14, रोहट में 55, रायपुर में 85, सोजत में 32, जैतारण में 40, रानी में 31 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई। नागौर के मेड़ता सिटी में 115 मिमी बरसात से निचले इलाकों में पानी भर गया। जैसलमेर में 9 व पोकरण में 12 मिमी बारिश मापी गई। वहां हल्की बरसात का दौर बना रहा। जालोर और सिरोही में कम बारिश हुई। वहां बूंदाबांदी ही हो सकी।
इस सप्ताह भी बादल-बरसात
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बरसाती बादलों का मौसम रहेगा। इस पूरे सप्ताह मानसून प्रदेश पर सक्रिय रहेगा, जिसके कारण मारवाड़ में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होगी।
आजादी के दिन खुशगवार मौसम, दिन-रात में केवल 2 डिग्री का अंतर
जोधपुर में स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह से ही रिमझिम बरसात का दौर चालू हो गया था। पूरे दिन बारिश चलती रही। सूरज बादलों के पीछे छिपा रहा। न्यूनतम तापमान 25.3 व अधिकतम 27.7 डिग्री रहा यानी दिन-रात के पारे में करीब दोडिग्री का ही अंतर होने से मौसम खुशगवार रहा। लोगों ने शहर के पिकनिक व पर्यटन स्थलों की ओर रुख किया। कायलाना, मसूरिया, मेहरानगढ़ पहाड़ी, मंडोर, बेरीगंगा, अरना-झरना सहित कई स्थानों पर शहरवासी अपने परिवार संग पहुंचे।
दोपहर बाद निकली धूप
जोधपुर में रविवार दोपहर तक बादलों का मौसम था। सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई। इस दौरान पारा 26.2 डिग्री पर था। वातावरण में 100 प्रतिशत आद्र्रता थी। दोपहर बाद कुछ समय के लिए धूप निकली लेकिन अपराह्न होते-होते फिर से बरसाती बादलों की आवाजाही शुरू हो गई।
Published on:
16 Aug 2020 07:07 pm
