
जोधपुर. थार प्रदेश पर बीती रात मानूसनी मेघ मेहरबान रहे। जोधपुर में आधी रात बाद अलसुबह तक पौने तीन इंच बारिश हुई। सडक़ों पर बाळे बह रहे थे। नागौर के मेड़ता सिटी में सर्वाधिक 78 मिलीमीटर पानी बरसा। जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, जालोर, बीकानेर, हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर में जमकर बारिश हुई। मानसून आने के बाद यह अब तक की सबसे अच्छी बारिश थी। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी मौसम बना हुआ है। शनिवार और रविवार को जोधपुर सहित मारवाड़ के अन्य हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बरसात हो सकती है।
सूर्यनगरी में बुधवार सुबह शहरवासी सोकर उठे तो घरों की दीवारें व सडक़ें भीगी हुई मिली। छत व खुले में रखा हुआ सामान बरसात के पानी से तरबतर हो गया था। हवा में आद्र्रता 100 प्रतिशत थी। न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री रहा। सुबह-सुबह मौसम सुहाना बना हुआ था। दिन में भी बादलों की आवाजाही के साथ कई बार बूंदाबांदी हुई। दिन भर बादलों का डेरा लगा रहा। दोपहर में उमस भरी भी परेशान कर रही थी। अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री रहा।
रातानाडा व एयरफोर्स में तीन गुणा बारिश
बीती रात 2.30 बजे बादलों से हल्की बरसात शुरू हुई जो कभी धीमी तो कभी झमाझम के रूप में अलसुबह 5 बजे तक चलती रही। तेज बौछारों की आवाज से कइयों की नींद खुल गई। अलसुबह मौहल्लों में बाळे व घरों से पनाळे चल रही थी। रातानाडा और एयरफोर्स इलाके में भीतरी शहर की तुलना में तीन गुना अधिक पानी बरसा। मौसम विभाग ने सुबह तक 68 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की, जबकि कलेक्ट्रेट में 29 मिमी बारिश ही मापी जा सकी। हालंाकि महामंदिर, मण्डोर, बासनी सहित कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का दौर चला।
जोधपुर जिले में कहां-कितनी बारिश
स्थान ———- बारिश मिमी में
जोधपुर ———- 68
शेरगढ़ ———-66
फलोदी ———-25.2
ओसियां ———- 25
लूणी ———-24
भोपालगढ़ ———-28
संभाग के अन्य हिस्सों में बारिश
जैसलमेर में 17.2, जिले के नोख में 54, पोकरण में 24, बाड़मेर के बायतू में 42, सिवाना 28, नागौर के मेड़ता सिटी में 78, खींवसर में 42, लाडऩू 25, जालोर के बागोडा में 21, भीनमाल व रानीवाडा में 15-15, सांचौर में 17 मिमी बारिश मापी गई।