
जोधपुर. मानसूनी सिस्टम की वजह से शुक्रवार दोपहर बाद मारवाड़ के कई हिस्सों में हल्की से लेकर मूसलाधार बारिश हुई। जोधपुर में शाम 5.30 बजे तक 11.5 मिलीमीटर पानी बरसा। शहर में रात तक बारिश का सिलसिला चलता रहा।
सूर्यनगरी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रहा। शहर में दिनभर भयंकर उमस बनी रही। लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। दोपहर में पारा 36.7 डिग्री रहा। अपराह्न चार बजे से शहर में मौसम पलटना शुरू हुआ। काली घटाओं के घिर आने के बाद तेज बौछारें शुरू हो गई। हवा के साथ शाम तक अच्छी बारिश हुई। शाम 5 बजे बारिश थम गई। मौसम विभाग ने 11.5 मिमी बारिश मापी। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे फिर से रिमझिम बरसात के बाद तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया जो रात तक चलता रहा। शहर में अच्छी बारिश से सडक़ों पर पानी के रेले चलने लग लग। अपने कार्यस्थलों से लोग भीगते-भीगते घर पहुंचे।