10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर
तेज हवा के साथ एक घण्टे तक झमाझम, 2 इंच पानी बरसा
Play video

तेज हवा के साथ एक घण्टे तक झमाझम, 2 इंच पानी बरसा

- मानसून उदयपुर होते हुए हाड़ौती पहुंचा- श्रीगंगानगर में चली लू, पारा 45 डिग्री पर- अगले 48 घण्टे में मानसून के और आगे बढऩे की संभावना
Google source verification

जोधपुर. दिनभर भयंकर गर्मी और उमस के बाद अपराह्न बाद जोधपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार के साथ चल रही हवा के साथ बादल बरसे। घण्टे भर तक शहर के कई हिस्सों में झमाझम बरसात हुई। इस दौरान 44.5 मिलीमीटर पानी बरस। हालांकि कुछ हिस्सों में एक इंच से भी कम बारिश दर्ज की गई। पाली और नागौर में भी मेघ बरसे।
उधर दक्षिण पश्चिमी मानसून लगातार दूसरे दिन तेजी दिखाते हुए बांसवाड़ा से आगे बढकऱ उदयपुर और हाड़ौती के झालावाड, कोटा, बारां पहुंचा। पूर्वी हिस्सों में जहां झमाझम बरसात हो रही थी वहीं श्रीगंगानगर में लू चली। तापमान 45 डिग्री रहने और अधिक नमी के कारण वहां क्षेत्रवासी बेहाल से हो गए। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिस्से में अब भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जो मानसून को आगे खींच रहा है। ऐसे में अगले 48 घण्टे में मानसून फिर से प्रदेश के कुछ और हिस्सों में पहुंचेगा।सुबह उमस ने छुड़ाए पसीने, शाम को बारिश ने थर्रा दिया

सूर्यनगरी में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री रहा। सुबह से ही उमस की स्थिति बनी हुई थी। तेज धूप निकली रहने के बाद दोपहर होते-होते पारा 40.5 डिग्री पर पहुंच गया। भयंकर उमस के बीच शहरवासी पसीना-पसीना हो गए और कई लोगों को जी घबराने लग गया। बेहाल लोगों को शाम 4 बजे उम्मीद की किरण नजर आई जब एकाएक सूरज छिप गया और तेज धूल भरी हवा चली। पांच मिनट में ही बादलों ने अपना रंग दिखाना शुरू किया और देखते ही देखते बौछारें शुरू हो गई। गडगड़़ाहट के साथ मेघ बरस रहे थे। हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घण्टा थी जो रह रहकर 40 किलोमीटर तक पहुंच रही थी। तेज हवा के साथ पड़ रही बौछारों ने गर्मी को काफूर कर दिया। राहगीर और वाहन चालक जहां थे, वहीं रुक गए। मौसम को देखकर हल्की तूफानी बारिश का अहसास हो रहा था।
अपराह्न 4.15 से लेकर शाम 5.15 तक घण्टे भर एक ही रफ्तार से पावटा, रातानाडा, महामंदिर, सैन्य क्षेत्र, बनाड़, सरदारपुरा, शास्त्रीनगर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सहित कई इलाकों में बरसात हुई। मण्डोर, लाल सागर, पाल रोड से आगे कुछ स्थानों पर इससे आधी ही बरसात हुई।

प्री मानसून में नहाने का आनंद
मानूसन अभी जोधपुर से थोड़ा दूर है लेकिन प्री मानसून की बरसात में ही लोगों ने नहाने का आनंद उठाया। एक अरसे बाद एक घण्टे तक हुई तेज बरसात में शहरवासियों ने अपने घरों की छत पर नहाने का मजा लिया हालांकि तेज हवा के साथ पड़ रहे छींटों से गर्मी पूरी तरह से काफूर हो गई। बरसात थमने के साथ हवा भी थम गई। रात को थोड़ी उमस रही।

शहर में कई जगह पानी भरा, ट्रेफिक जाम रहा
एक घण्टे तक तेज बरसात की वजह से शहर के कुछ निचले इलाकों में पानी भर गया। पावटा, कलक्ट्रेट, रिक्तियां भैरुजी चौराहा, मेडिकल कॉलेज चौराहा, सर्किट हाउस, बासनी के कई क्षेत्रों में, नेहरु पार्क, पांच बत्ती चौराहा, मेड़ती गेट, पावटा बी रोड, जयपुर रोड पर अजमेर लाइन्स सहित कई हिस्सों में पानी भर गया। शाम को दफ्तर और अपने कार्यस्थलों से घर लौट रहे शहरवासियों को ट्रेफिक जाम का सामना करना पड़ा। कई जगह पर गाडिय़ां अटक गई। चार पहिया वाहन और दुपहिया वाहन अधिक होने की वजह से ट्रेफिक रेंग-रेंग कर चल रहा था। हमेशा 15-20 मिनट में अपने घर पहुंचने वाले वाहन चालकों को बुधवार शाम को घर पहुंचने में एक घंटा लग गया।