
जोधपुर में बारिश, उमस से हलकान हुए लोग
जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार दोपहर बाद शहर के कई हिस्सों में छींटों से लेकर हल्की बारिश हुई। भरी दोपहरी में बारिश होने से उमस व्याप्त हो गई। शहरवासी हलकान हो गए, हालांकि शाम होते होते तेज हवा चलने से मौसम कुछ सामान्य हो सका। बीत चौबीस घण्टे में शहर में करीब 2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवा बहने और बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है
सूर्यनगरी में सूरजवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही तीखी धूप निकल रही। हवा में 71 फीसदी नमी और सूरज के भृकुटि ताने रहने से तेज गर्मी महसूस हुई। दोपहर होते होते पारा 38.8 डिग्री पर आ गया। गर्मी से बचाव के लिए शहरवासियों को एसी व कूलर का सहारा लेना पड़ा। दोपहर तीन बजे के करीब अचानक काले बादल आना शुरू हो गई और बादलों की गडगड़़ाहट के साथ छींटे गिरे। कुछ हिस्सों में हल्की बरसात से सडक़ें भीग गई। तपती धरती पर पानी गिरने से उमस हो गई। इसके कारण गर्मी और बढ़ गई। शाम को 10 से 15 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से चली हवा ने उमस से कुछ राहत दी। मौसम विभाग ने सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक 0.6 मिलीमीटर बारिश मापी। जिले के ग्रामीण हिस्सों में बंूदाबांदी हुई।
Published on:
26 Apr 2020 06:13 pm
