
अब जोधपुर के पुलिस थानों में होटल के रिसेप्शन जैसी मिलेगी सुविधा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने की थी घोषणा
विकास चौधरी/जोधपुर. पुलिस आपकी सेवा में हर समय हाजिर हैं। हम आपकी क्या मदद कर सकते हैं? राज्य के पुलिस स्टेशन में फरियादियों को यह सुनने को मिल सकता है। प्रत्येक पुलिस स्टेशन में होटल की तर्ज पर रिसेप्शन यानि स्वागत कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर ( Jodhpur Police Commissionerate ) के थानों में रिसेप्शन बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( CM Ashok Gehlot ) ने गत 11 जून को अपराध बैठक में पुलिस स्टेशनों में रिसेप्शन यानि स्वागत कक्ष बनाने की घोषणा की थी। ताकि कोई भी फरियादी थानों में भय मुक्त होकर आए और अपनी समस्या का समाधान करवा सके। इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के थानों में रिसेप्शन रूम बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
हर गतिविधि पर रहेगी तीसरी नजर
थानों में रिसेप्शन कक्ष के साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इससे पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और आमजन को बेहतर परिणाम मिल सकेंगे। पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के सरदारपुरा थाने में स्वागत कक्ष का निर्माण लगभग अंतिम चरण में है। स्वागत कक्ष में रंग-रोगन हो चुका है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। एलइडी टीवी, मैग्जीन का स्टैण्ड और फस्र्ट एड बॉक्स लगा दिया गया है। फर्नीचर का कार्य बाकी है। कमिश्नरेट के दूसरे थानों में रिसेप्शन कक्ष की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ईको के साथ पब्लिक फ्रेण्डली भी बनेगा
थानाधिकारी लिखमाराम बटेसर का कहना है कि जयपुर के विधायकपुरी थाने को राज्य में प्रथम स्थान मिला था। उसी तर्ज पर सरदारपुरा थाने में रिसेप्शन का कार्य चल रहा है। जिसका लक्ष्य पर्यावरण शुद्धता के लिए ईको फ्रेण्डली और आमजन के लिए पब्लिक फ्रेण्डली बनाना है।
Updated on:
02 Oct 2019 11:08 am
Published on:
02 Oct 2019 11:08 am
