
जोधपुर. शहर की एजुकेशन स्ट्रीट के एक कोने में लगी भीड़ और उत्सुकता से देखते लोग। कुछ देर में थाली बजने की आवाज आती है और कुछ लोग सबका ध्यान आकर्षित करते हुए आते हैं, फिर विशेष अंदाज में अपनी बात करना शुरू कर देते हैं। उनमें से एक युवक कहता है- वोट करो-वोट करो, उसकी यह बात सुन कर दूसरे लोग भी कह उठते हैं- वोट करो-वोट करो। इतने में वहां मौजूद सभी लोग कह उठते हैं- हां वोट करो वोट करो। इस तरह प्रशासनिक सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा मतदाताओं के दिल और दिमाग में मतदान करने का जज्बा जगाया गया। यह शहर के पावटा मान जी का हत्था स्थित राजस्थान पत्रिका कार्यालय के पास पेश किए गए नुक्कड़ नाटक ‘वोट करो-वोट करो का एक दृश्य था।
हिन्दी और राजस्थानी भाषा में जागरुक किया
राजस्थान पत्रिका और फेसबुक की ओर से चलाए जा रहे शुद्ध का युद्ध अभियान के तहत मंगलवार शाम यह नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक में लोगों को हिन्दी और राजस्थानी भाषा में जागरुक किया गया। कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं को स्वच्छ छवि का उम्मीदवार चुनने और मतदान करने की शपथ दिलाई गई। नाटक के प्रस्तोता अमित व्यास ने रोचक व मनोरंजक नाटक के माध्यम से जनता को फाल्स न्यूज के खिलाफ जागरुक किया। उन्होंने फे क न्यूज पर विश्वास न करने की बात कही। खास बात यह रही कि नाटक देखने के लिए मौजूद लोग सीधे तौर पर इससे जुड़े हुए दिखाई दिए। अंत में दर्शकों-मतदाताओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय के ब्रांड एम्बेसेडर चित्रकार अमित जोशी ने मतदान का महत्व और तरीका बताया।
नाटक में ये बने भागीदार
लेखक व मुख्य पात्र अमित व्यास, कवि के रूप में भवानीशंकर प्रजापति,कलाकार और प्रश्नकर्ता के तौर पर उमा उपाध्याय,कलाकार और जनता के रूप में गणेश उपाध्याय ने अदाकारी की। जबकि अक्षित उपाध्याय ने मनोरंजन किया। बाल कलाकार लक्की उपाध्याय, राज उपाध्याय, अक्षित प्रजापति व हंसिता प्रजापति ने साथ निभाया। जबकि संजीव व्यास और सुनील ओझा सहभागी बने।