10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

निर्माणाधीन मकान में करंट फैलने से श्रमिक की मौत, दो अन्य भी झुलसे

बनाड़ थाना पुलिस ने मथुरादास माथुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा।
2 min read
Google source verification
electricity current in jodhpur

labourer died, electricity shock, A man dead from electricity shock, one died by electricity shock, jodhpur crime news, jodhpur news, jodhpur news in hindi

जोधपुर. बनाड़ रोड पर नांदड़ी फांटा स्थित निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर दीवान बनाने के दौरान लोहे का घोड़ा पास स्थित 11 केवी विद्युत लाइन पर गिरने से गुरुवार को करंट की चपेट में आए एक श्रमिक की मौत और दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। बनाड़ थाना पुलिस ने मथुरादास माथुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा।

हैड कांस्टेबल गंगाराम चौधरी ने बताया कि नांदड़ी फांटा निवासी ओमप्रकाश जाट के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। दूसरी मंजिल पर दीवान बनाने का कार्य किया जा रहा है, जहां लोहे के घोड़ों पर लकड़ी के पाटिए रखकर अडाण बनाया गया है। उस पर खड़ा होकर देवातड़ा निवासी श्रमिक श्यामलाल पुत्र गुमानाराम चौकीदार काम कर रहा था। साथी श्रमिक बलदेव व श्रवण नीचे खड़े थे। अडाण सही न होने पर नीचे खड़े श्रमिक लोहे के घोड़े को ठीक करने लगे। इतने में संतुलन बिगड़ गया और लोहे का घोड़ा नजदीक में से निकल रही 11केवी लाइन पर जा गिरा। उसमें प्रवाहित हो रहे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से श्रमिक श्यामलाल उछलकर ऊपर जा गिरा। जबकि अन्य दोनों श्रमिक पास ही गिर गए। उन्हें मामूली करंट लगा।

हादसे का पता लगने पर पड़ोस में रहने वाले पूर्व सरपंच रघुवीर सिंह विश्नोई व दौलतराम चौधरी वहां आए और तीनों श्रमिकों को अस्पताल लेकर रवाना हुए। बलदेव व श्रवण को बनाड़ रोड पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। जबकि श्यामलाल को मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और फिर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा। इस संबंध में मर्ग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गत दिनों इसी क्षेत्र में बालकनी का छज्जा गिरने के कारण घर में काम कर रही एक नौकरानी की दबने से मौत हो गई थी। हादसा होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग खौफजदा है।