
जोधपुर. केंद्र सरकार के कार्यक्रम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) का शुभारम्भ समारोह का सीधा प्रसारण कार्यक्रम व रबी किसान सम्मेलन केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) के कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित किया गया। गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारम्भ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे किसान हित की सबसे बड़ी योजना बताया। देश भर के विभिन्न राज्यों के करोड़ से अधिक किसानों के खातों में इस योजना की पहली किश्त जमा हुई। वर्ष भर में इस योजना के लाभार्थियों को 6000/- रूपये मिलेंगे। किसान क्रेडिट कार्ड सुविधा से मछली पालन, पशुपालकों को भी सुविधा से जोड़ा गया है।
कार्यकम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नारायण लाल पंचारिया, विशिष्ठ अतिथि विधायक सूरसागर सूर्यकान्ता व्यास, कार्यकम के अध्यक्ष काजरी निदेशक डॉ. ओपी यादव, अटारी जोधपुर के निदेशक डॉ. एसके सिंह, आरएसईटीआई के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत, राजेन्द्र सिंह चारण, एडीएम फ लौदी, सहकारिता के उप रजिस्ट्रार प्रशान्त कला, उप निदेशक कृषि बीके द्धिवेदी, सहायक निदेशक कृषि जेआर भाकर, उप निदेशक (आत्मा) एनएस भाटी एवं काजरी के विभागाध्यक्ष एवं वैज्ञानिक उपस्थित थे।
जोधपुर के इन किसानों को मिली पहली किश्त
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2 हजार रुपए की पहली किश्त जोधपुर जिले के ढवालिया निवासी सोनीदेवी, बोयल निवासी गुटीदेवी, डेलूम्बा निवासी ओमाराम, रामड़ावास गांव के रामरतन, रामूदान बाबूलाल, किशोर राम, सहीराम, ढगलाराम, चिडाणी के किशोर राम और बोयल के हरी सिंह के खाते में सीधे ही जमा हुई। इन सभी किसानों को सम्मानित किया गया।