
अब गर्मी का लॉक डाउन, फलोदी में लगातार तीसरे दिन पारा 45 डिग्री पर
जोधपुर. हवा का रुख पश्चिमी बने रहने के कारण लगातार तीसरे दिन प्रदेश में भीषण गर्मी रही। मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में पारा 45 डिग्री के पास रहा। फलोदी 45, जैसलमेर 44.7, बाड़मेर 44.2 और जोधपुर 43.6 डिग्री के साथ झुलस रहा था। दिनभर आसमान से आग बरसती रही। दोपहर में सडक़ें व चौराहों पर लॉक डाउन की स्थिति रही। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से किसी भी प्रकार के राहत के संकेत नहीं है।
सूर्यनगरी में बीती रात इस सीजन की अब तक की सर्वाधिक गर्म रात रही। पारा 31.6 डिग्री रहा जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। हवा में 40 फीसदी से अधिक नमी होने और तापमान अधिक होने से सुबह उमस जैसा मौसम रहा। अत्यधिक गर्मी से शहरवासी बेहाल हो गए। भोर के साथ ही पसीने छूट रहे थे। सुबह आठ बजे भी बाहर निकलने का मूड नहीं हो रहा था। चिलचिलाती धूप से जैसे चिंगारिया निकल रही थी। दोपहर में पारा 43.6 डिग्री पहुंचा। शाम ढलने के बाद भी गर्म इमारतों से टकराकर आ रही हवा शरीर को झकझोर रही थी। हवा की दिशा पश्चिमी और औसत गति 4 किलोमीटर प्रति घण्टा थी। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी बेजा गर्मी रही। वहां हवा के साथ उड़ती धूल ने ग्रामीणों को बेहाल किए रखा। गर्म हवा के थपेड़ों से बचने के लिए दोपहर 12 बजे के बाद अधिकांश अपनी-अपनी इमारतों और बंद स्थानों पर दुबके रहे।
Updated on:
23 May 2020 06:51 pm
Published on:
23 May 2020 06:51 pm
