
ब्लड प्रेशर बढऩे से दिमागी नस फटी, मौत
जोधपुर. मथानिया में मॉर्निंग वॉक के दौरान खाद की मार्केटिंग करने वाले एक व्यक्ति का ब्लड प्रेशर बढऩे से दिमागी नस फट गई व मथुरादास माथुर अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। मथानिया थाना पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा।थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि हरियाणा के पानीपत जिले में राणोरी खुर्द निवासी मुकेश (42) पुत्र जयनारायण गत आठ-दस दिन से मथानिया में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वह खाद कम्पनी में मार्केटिंग का काम करता था। वह मंगलवार सुबह कस्बे में घूमने के लिए निकला। इस दौरान उसे चक्कर आए और अचेत होकर नीचे गिर गया। आस-पास के लोग उसे मथानिया के राजकीय चिकित्सालय ले गए, जहां से उसे मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया, जहां रात को उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस का कहना है कि मॉर्निंग वॉक के दौरान उसका ब्लड प्रेशर एकदम से बढ़ गया था, जिससे उसके दिमाग की नस फट गई थी और इसी से उसकी मृत्यु हो गई थी। उसके साथियों की सूचना पर पिता व परिजन यहां आए और पोस्टमार्टम करवा शव गांव ले गए। पिता जयनारायण की शिकायत पर मर्ग दर्ज किया गया है।
Updated on:
11 Apr 2019 01:00 am
Published on:
11 Apr 2019 01:00 am
